जिले में कोरोना की रिकवरी रेट 90% से ऊपर, दलोट के सभी 10 मरीज निगेटिव हुए, धरियावद का बच्चा भी हुआ ठीक
जिले के लिए कोरोना के मामले में गुरुवार का दिन राहत भरा रहा, क्योंकि कोरोना का कोई भी नया केस सामने नहीं आया है। दूसरी तरफ दलोट के सभी 10 एक्टिव केस अब निगेटिव हो चुके हैं। धरियावद में भी सर्राफा व्यवसायी के 8 साल के जिस बच्चे में 4 दिन पहले कोरोना की पुष्टि हुई थी, उसकी रिपोर्ट भी गुरुवार को निगेटिव आई है। बच्चे के सभी परिजनों के भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट भी निगेटिव आ चुकी है।
जबकि बुधवार तक अरनोद तहसील कोरोना के मामले में सबसे आगे थी, यहां पर 11 एक्टिव केस चल रहे थे। अरनोद तहसील में पिछले दिनों प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के 12 नर्सिंग कर्मियों सहित 15 लोग कोरोना पाॅजिटिव पाए गए थे। इसके बाद अरनोद में भी एक निगरानी समिति के सदस्यों को कोराना की पुष्टि हुई थी। ऐसे में अरनोद तहसील में कोरोना के 16 मामले 21 जुलाई से लेकर अब तक सामने आए थे। अब जिले में कुल 191 कोरोना केस में से 15 एक्टिव केस हैं।
रिकवरी रेट 90.52%
जिले में कोरोना के अब तक 191 मामले सामने आए हैं। इनमें से 172 मरीज कोराना से जंग जीतकर ठीक हो चुके हैं। मरीजों मे कोरोना की रिकवरी रेट 90.52% है। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह सामने आ रही है कि 24 जून से लेकर अब तक मिले 174 मरीजों में से 148 मरीज ए सिम्टम्स वाले ही सामने आए, जिनमें कोरोना के लक्षण भी नजर नहीं आते हैं। उन्हें न तो सर्दी खांसी होती है, न जुखाम या बुखार की शिकायत होती है। बस इनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आ जाती है। इसी के चलते चिकित्सा विभाग के द्वारा इन ए सिम्टम्स वाले मरीजों को होम क्वॉरेंटाइन या संस्थागत क्वारेंटाइन ही किया जाता है।
कोरोना की स्थिति यह है
चिकित्सा विभाग के अनुसार अब जिले में कोरोना के एक्टिव केस 15 ही रह गए हैं। गुरुवार तक 14991 लोगों के कोरोना सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से अब तक 13880 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि जिले भर में 840 लोगों की कोरोना रिपोर्ट अभी तक पेंडिंग चल रही है। 27 लोग अभी भी होम क्वारेंटाइन में चल रहे हैं।
मंगलवार को 94690 लोगों का सर्वे किया गया। जिले में अब तक 191 में से 172 मरीज कोरोना से स्वस्थ हो चुके हैं। पीपलखूंट, धरियावद, दलोट, सालमपुरा के 4 मरीजों की मौत हो चुकी है। गुरुवार को जिले भर से 248 सैंपल जांच के लिए उदयपुर भेजे गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा अचलपुर के 142 सैंपल शामिल हैं। इसके अलावा शहर के राजकीय अस्पताल से 6, नई आबादी से 19, छोटीसादड़ी से 34 और थड़ा गांव से 32 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
अरनोद - दलोट में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सभी चिकित्सक कर्मियों के ठीक होने के बाद अब केवल अरनोद में एक निगरानी समिति के सदस्य ही कोरोना पॉजिटिव बचे हैं। यहां पर कुल अब तक कोरोना के कुल 20 मामले सामने आ चुके हैं
धरियावद - इस क्षेत्र में 8 जुलाई से लेकर अब तक कोरोना के कुल 8 मामले सामने आ चुके हैं। गुरुवार को यहां पर 8 वर्षीय बच्चे की रिपोर्ट भी निगेटिव आने के बाद अब कुल 2 ही एक्टिव केस हैं। यह एक्टिव केस पिता और पुत्री का है।
प्रतापगढ़ शहरी क्षेत्र में अब तक कोरोना के 11 केस आए हैं। ग्रामीण क्षेत्र में कोरोना के 6 केस सामने आए। इसी तरह जिला जेल में 133 केस सामने आए आए हैं। जबकि छोटी सादड़ी जेल में चार केस सामने आए हैं। इनमें 5 बंदियों सहित कुल 11 एक्टिव केस वर्तमान में है।
छोटीसादड़ी तहसील में कोरोना का एक एक्टिव केस है। हालांकि यह युवक अचलपुर जो प्रतापगढ़ ग्रामीण क्षेत्र का गांव है उसमें हेयर सैलून की दुकान चलाता है। लेकिन इसका गांव बसेड़ा है जो छोटीसादड़ी में पड़ता है। छोटीसादड़ी तहसील की बात करें तो अब तक कोरोना के 6 केस सामने आए थे।
पीपलखूंट तहसील में 4 मई को झाटियापाडा निवासी एक टीबी पेशेंट की कोरोना से मौत हुई थी। चिखली जेतलिया के पिता-पुत्र भी 8 मई को कोरोना पॉजिटिव मिले थे। वर्तमान में यहां पर कोरोना का एक भी एक्टिव केस नहीं है, लेकिन यहां पर भी कोरोना के 3 मामले सामने आ चुके हैं।
धरियावद में सराफा व्यवसायी के 8 वर्षीय बेटे की रिपोर्ट आई निगेटिव
क्षेत्र में कोरोना महामारी के तहत चिकित्सा विभाग द्वारा घर-घर जाकर सर्वे और स्क्रीनिंग कार्य जारी है। शिविर के माध्यम से व्यापारी सहित अन्य लोगों की जांच की गई और शुक्रवार को भी की जाएगी। विगत दिनों धरियावद में कोरोना के तीन केस पॉजिटिव आए थे। जिसके तहत सराफा व्यवसायी के 8 वर्षीय बच्चे सहित पूरे परिवार की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है।
अब मात्र दो केस एक्टिव हैं, जो पिता-पुत्री के हैं जिन्हें कोविड केयर सेंटर पर भर्ती कर रखा है। उपखंड अधिकारी करतार सिंह के निर्देश हैं कि जब तक दोनों पिता-पुत्री की रिपोर्ट नेगेटिव नहीं आती है तब तक 8 वर्षीय बच्चे सहित उसके परिवार को भी कोविड केयर सेंटर पर रखा जाएगा।
बसेड़ा के लिए राहतभरी खबर, सभी लोगों की आई नेगेटिव रिपोर्ट
उपखंड क्षेत्र के बसेड़ा गांव में एक कोरोना मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा लिए गए करीब 67 लोगों के सैंपल की गुरुवार को रिपोर्ट निगेटिव आई है। इससे स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली। हालांकि ग्रामीण एहतियात के तौर पर सावधानी बरत रहे हैं। गौरतलब है कि बसेड़ा निवासी देवीलाल नाई की सोमवार को कोरोना की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। पॉजिटिव आए देवीलाल नाई के संपर्क वाले 51 लोगों का कोरोना टेस्ट किया गया था। साथ ही सर्वे टीम द्वारा पॉजिटिव आए युवक के घर के आस-पास 55 घरों का भी सर्वे किया था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ