8 रु. की थाली में दाल-सब्जी, चपाती एवं आचार मिलेगा, थाली पैकिंग की भी व्यवस्था, कमेटी तय करेगी मेन्यू

कोरोना काल में आर्थिक संकट से जूझ रहे गरीब, मजदूर और प्रवासी श्रमिकों की पीड़ा को दूर करने के लिए 20 अगस्त से प्रदेश भर में इंदिरा रसोई शुरू होने वाली है। जयपुर शहर में रसोई की मोनिटरिंग की जिम्मेदारी नगर निगम ग्रेटर व नगर निगम हैरिटेज के अधिकारियों को दी गई है।

दोनों निगम में 10-10 रसोइयां बनाई जाएगी, जहां पर एक हॉल और किचन बनाया जाएगा। नगर निगम ने इसके लिए स्थाई रेन बसेरे और सामुदायिक केन्द्रों को चिन्हित कर लिया है। इस संबंध में नगर निगम सीईओ लोकबंधु ने बुधवार को नगर निगम के सभी जोन अधिकारियों के साथ रसोई शुरू करने की तैयारियों को लेकर मीटिंग भी की है। प्रदेश के सभी 213 नगर निकायों में 358 इंदिरा रसोई का संचालन किया जाएगा।

सीसीटीवी कैमरे से होगी निगरानी
थाली 20 रुपए की होगी। इसमें 8 रुपए टोकन मनी में लोगों को मुहैया कराया जाएगा। भोजन में 12 रुपए का अनुदान सरकार द्वारा दिया जाएगा। इसमें गड़बड़ी नहीं हो, इसलिए रसोई की मोबाइल एप और सीसीटीवी कैमरे से रियल टाइम ऑनलाइन मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है। भोजन करने आने वाले व्यक्ति द्वारा कूपन लेने पर मोबाइल पर एसएमएस से सूचना आएगी। संबंधित व्यक्ति का फोटो भी लिया जाएगा, जो स्टेट पोर्टल पर स्वत: अपलोड हो जाएगा। मेन्यू जिला कमेटी द्वारा तय किया जाएगा कि किस दिन भोजन में क्या-क्या बनेगा।

हर दिन मेन्यू बदला जाएगा, टिफिन भी पैक करा सकेंगे
दरअसल सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1 बजे और शाम को 6 बजे से रात 9:30 बजे भोजन मिलेगा। मेन्यू में प्रति थाली में 100 ग्राम दाल, 100 ग्राम सब्जी, 250 ग्राम चपाती तथा अचार उपलब्ध कराया जाएगा। प्रत्येक दिन मेन्यू बदला जाएगा। इसके बदले में 8 रुपए लिए जाएंगे। भोजन टिफिन में भी पैक करा कर ले जा सकेंगे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
अपने आवास पर बैठक लेते मुख्यमंत्री अशोक गहलोत।


टिप्पणियाँ