पांच दिन में ही रद्द हो गए रीट के 7.49 लाख प्रमाण पत्र, अभी तक नहीं हो पाई परीक्षा, अब तक 9,43,191 रीट-आरटेट प्रमाण पत्र रद्द
(विनोद मित्तल) राजस्थान शिक्षक पात्रता परीक्षा (रीट) को लेकर अब तक नोटिफिकेशन भी जारी नहीं हुआ है। इस बीच पांच दिन के अंदर ही बेरोजगारों के रीट-आरटेट के 7,49,992 प्रमाण पत्र रद्द हो गए। 4 अगस्त को 2,01,392 और 31 जुलाई को 5,48,600 अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्रों की वैद्यता खत्म हो गई।
1,93,199 अभ्यर्थियों के रीट प्रमाण पत्रों की वैलिडिटी पिछले साल मई में ही खत्म हो गई थी। प्रदेश में अब तक 9,43,191 रीट-आरटेट प्रमाण पत्र रद्द हो चुके हैं। चार बार हुई आरटेट-रीट में 12,61,258 अभ्यर्थियों ने शिक्षक पात्रता प्राप्त की थी। अब महज 3,18,067 अभ्यर्थियों के पास ही पात्रता है।
इनमें से भी लेवल वन के प्रमाण पत्रों की अगले साल अप्रैल तक और लेवल टू के प्रमाण पत्रों की वैलिडिटी जुलाई 2021 तक रहेगी। जिनके प्रमाण पत्र रद्द हुए हैं वे बेसब्री से रीट का इंतजार कर रहे हैं। इतनी बड़ी संख्या में रीट प्रमाण-पत्रों की वैद्यता खत्म होने से अब होने वाली रीट में रिकॉर्ड संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
इसलिए खत्म हो गई सर्टिफिकेट की वैलिडिटी
वर्ष 2011 और 2012 में आयोजित आरटेट के प्रमाण पत्रों की वैद्यता अवधि 7 साल और वर्ष 2015 और 2017 में हुई रीट के प्रमाण पत्रों की 3 साल तय थी। वैद्यता अवधि परिणाम जारी होने की तिथि से गिनी जाती है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ