किसानों की एसएचओ से नोकझोंक, 6 अरेस्ट

भारतमाला प्राेजेक्ट में अवाप्त भूमि के उचित मुआवजा की मांग को लेकर किसान प्रतिनिधियों और नापासर एसएचओ के बीच सोमवार को नोकझोंक हुई। नापासर एसएचओ ने छह किसानों के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने और वर्दी फाड़ने के आरोप में छह किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसके विरोध मेें किसानों ने थाने के आगे धरना शुरू कर दिया।


किसानों ने एसएचओ संदीप पूनिया के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शाम को भूख हड़ताल की चेतावनी दे दी। किसानों और एचएचओ के बीच मामला गर्माते देख थाने में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। भारतमाला एनएच 754 के जमीन अवाप्ति के बदले उचित मुआवजे की मांग को लेकर राणीसर, नौरंगदेसर, गुंसाईसर, किलचू सहित आसपास के गांवों में चल रहे आंदोलन के बीच सोमवार को बड़ी संख्या किसान थाने में पूर्व में दिए गए परिवाद पर कार्रवाई जानने आए। इस बीच थानाधिकारी संदीप पूनिया व किसान प्रतिनिधियों में बहस हुई।

जिस पर थानाधिकारी ने किसान प्रतिनिधि धर्मेंद्र जाट, रामदयाल जाट, कैलाश जाट, अशोक जाट, प्रभुराम जाट व छोगाराम जाट पर वर्दी फाड़कर मारपीट व गाली गलौच करने एवं राजकार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज करवाया है। थानाधिकारी ने आरोप लगाया है कि उक्त लोग बिना मास्क के थाने में आए और जमीन अवाप्ति के बदले मुआवजा नहीं मिलने को कहा।

इस पर थानाधिकारी ने कहा कि मुआवजा देने का काम सरकार का है। इस पर इन लोगों ने गाली गलौच करते हुए उनके साथ मारपीट की। वहीं किसान प्रतिनिधियों का कहना है कि वे तो केवल पहले दिए परिवाद की जानकारी लेने व एक अन्य एफआईआर दर्ज करवाने पहुंचे तो थानाधिकारी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और झूठा मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।

मुकदमा खत्म कर पकड़े किसानों को छोड़ने की मांग
नापासर थाने के बाहर पूर्व प्रधान प्रतिनिधि भंवरलाल गोरछिया, आरएलपी प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विवेक माचरा, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रामनिवास कूकणां, बीकानेर डूंगर कॉलेज अध्यक्ष कृष्ण कुमार गोदारा, भरत राम कस्वां मौजूद थे। किसानों ने भूख हड़ताल की चेतावनी देते हुए गिरफ्तार किए गए किसान प्रतिनिधियों पर लगाए गए झूठे मुकदमे वापस लेकर रिहा करने की मांग की है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
6 arrests from farmers' SHO


टिप्पणियाँ