जहाजपुर में 5 इंच, शहर में 9 एमएम बरसात...सीजन का 30.32% पानी गिरा अब तक

बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और अन्य मौसमी परिस्थितियों के चलते जिले में शुक्रवार व शनिवार काे अच्छी बारिश की संभावना है। जिले में इस सीजन में अब तक औसत बारिश 30.32 प्रतिशत हाे चुकी है। यह बाकी साल के मुकाबले कम है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार लो प्रेशर मूवमेंट शुरू होने से बारिश की संभावना है।


संभावना है कि करीब 10 दिन ऐसा माैसम रहेगा। इससे बारिश हाे सकती है। गुरुवार काे अधिकतम तापमान 32 डिग्री व न्यूनतम 25 डिग्री रहा। जबकि बुधवार काे अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री था।

गुुरुवार सुबह तक जिले में सबसे ज्यादा बरसात जहाजपुर में 125 एमएम दर्ज की। शहर में कुछ दिनों से बादलों की आवाजाही तो है, लेकिन वैसी बारिश नहीं हो पा रही है। यहां शाम पांच बजे तक संगम यूनिवर्सिटी में लगे यंत्र पर 9 एमएम बारिश दर्ज की गई।

जुलाई में शहर में बारिश ताे हुई लेकिन, पूरे शहर में एक साथ नहीं हुई। इस बारे माैसम विशेषज्ञाें ने बताया कि जिस क्षेत्र में स्थानीय सिस्टम सक्रिय हाेता है, उसी क्षेत्र में बारिश हाेती है। कई बार ऐसा हाेता है कि एक-दाे किलाेमीटर में ही बारिश हाेकर रह जाती है। ऐसा ही शहर में हुआ।


जल संसाधन विभाग के बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार गुरुवार सुबह समाप्त पिछले 24 घंटों के दौरान जहाजपुर तहसील में 125 मिमी, बनेड़ा, गंगापुर व बदनौर में 17, आसींद में 27, कोटडी में 75, मांडलगढ में 31 मिमी वर्षा हुई है। आगूंचा बांध पर 8, अरवड़ पर 16, चंद्रभागा पर 5, जैतपुरा पर 50, खारीबांध पर 10, कोठारी बांध पर 15 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
हमीरगढ़ में 22 मिलीमीटर बारिश
तेज उमस के बाद गुरुवार काे दोपहर बाद बारिश शुरू हुआ। रुक-रुककर करीब एक घंटे यह दाैर चला। शाम 5 बजे तक उपखंड मुख्यालय पर 22 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके पहले सुबह कुछ देर बूंदाबांदी हुई। फिर धूप आ गई थी। दोपहर बाद फिर से माैसम बदला। बरसात से सड़कों पर पानी बहने लग गया।

बामणिया एनीकट पर एक इंच चादर, सीजन में पहली बार खुशी की हिलोर बही

क्षेत्र में बुधवार शाम एवं गुरुवार सुबह की बारिश से नदी-नालाें में पानी बह चला। खटवाड़ा व जोजवा के बीच बहने वाली बेड़च नदी पर बने बामणिया एनीकट पर दाेपहर बाद 1 इंच चादर चल गई। एनीकट भरने से इन गांवाें में जलस्तर बढ़ेगा। एनीकट का भराव क्षेत्र 3 किलोमीटर से अधिक फैला है। इसके भरने से लोगों की खुशी छा गई।

ये कारण हैं बारिश हाेने के

  • कम दबाव का क्षेत्र : उत्तरी बंगाल की खाड़ी की तरफ बने कम दबाव के क्षेत्र का मूवमेंट बुधवार से ही शुरू हुआ। यह उड़ीसा पहुंच गया है, अब छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की तरफ से राजस्थान तक आ गया है।
  • टर्फ लाइन: मानसूनी टर्फ लाइन बंगाल की खाड़ी, उड़ीसा, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश व राजस्थान की तरफ है। बंगाल की खाड़ी की तरफ से कम दबाव के क्षेत्र का मूवमेंट भी इसी रूट से होगा।
  • मिड ट्रोपोस्फेरिक साइक्लोन: अरब सागर से दक्षिणी गुजरात की तरफ एक मिड ट्रोपोस्फेरिक साइक्लोन बना हुआ है। इसके मूवमेंट से नमी व बादलों की आवाजाही राजस्थान की तरफ होगी, लाभ जिले को होगा।


Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
5 inches in Jahazpur, 9 mm rainy in the city ... 30.32% water fall of the season so far


टिप्पणियाँ