जालोर के स्वर्णगिरी दुर्ग पर स्थित महादेव मंदिर के एक कमरे में जाली नोट बनाने के कारोबार का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए 40 हजार 500 रुपए के जाली नोट व उनको बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। एसपी श्यामसिंह चाैधरी के निर्देशानुसार डीएसपी जयदेव सियाग के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने दुर्ग पर स्थित जालंधर नाथ मंदिर परिसर के ऊपरी भाग पर स्थित महंत शंभूनाथ के कमरे में दबिश देकर जाली नोट के बनाने के कारोबार का पर्दाफाश किया।
दबिश के समय शंभूनाथ का चेला शंकरपुरी उर्फ विकास पुत्र पूर्णपुरी गोस्वामी निवासी काकोली तारपुरा जिला नागाैर कमरे में मिला। पुलिस को कमरे की तलाशी में 2-2 हजार के 20 व एक 500 रुपए का जाली नोट मिला। पुलिस ने जाली नोट अपने कब्जे में ले लिए। कमरे से पुलिस को दो तलवारें भी बरामद हुई हैं। पुलिस ने शंकरपुरी काे हिरासत में लिया है।
कलर प्रिंटर से कॉपी करके बनाता था नकली नोट

कार्रवाई के दौरान पुलिस को कलर प्रिंटर समेत कागज बरामद हुए हैं। ऐसे में यह जाली नोट की असली नोट से प्रिंटिंग निकालता था। इसके बाद बाजार में बेचा जा रहा था। पुलिस को नोट बनाने के लिए जेडी केडर प्रिमियम कलर के कॉपी पेपर की रिम, एप्सों 003 का कलर प्रिंटर विभिन्न कलर की 8 इंक बोतल, प्लेबॉय ग्लास मार्किंग पेंसिल, व्हाइट 10-10 पेंसिल के 6 पैकेट, प्लास्टिक स्कैल 6, शाॅर्पनर, चमकीली टेप, 25 नोट कटिंग नुकीले लोहे के कांटे, कंप्यूटर की बोर्ड, पेपर नाइफ कटर 2, पोस्टर कलर शीशी 2, 50-50 रुपए के 6 स्टाम्प पेपर मिलेख जिन्हें जब्त किया गया है।
1600 सीढिय़ों को पार कर मंदिर तक पहुंचा जाता है
स्वर्ण गिरी दुर्ग की पहाड़ी पर स्थित जालंधरनाथ महादेव मंदिर वर्षाें पुराना है। इस दुर्ग पर चढ़ने के लिए 1600 सौ सीढिय़ां पार करना पड़ता है। ऐसे में दुर्गम रास्ता होने के चलते महंत ने ऊपर अवैध कारोबार शुरू कर दिया। कार्रवाई करने के लिए पुलिस को भी सीढ़ियां चढ़ने में काफी समय लगा।
लूट के मामले में गिरफ्तार हो चुका है शंभूनाथ
शंभूनाथ स्वर्णगिरी दुर्ग पर स्थित महादेव मंदिर का महंत है। कुछ दिन पूर्व झाब पुलिस थाना क्षेत्र के खिरोड़ी में स्थित आशापुरी माताजी मंदिर में तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देते हुए सोना मुकुट समेत सामान चुरा लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं पुलिस को अब मुखबिर से सूचना मिलने पर डीएसपी जयदेव सियाग के नेतृत्व में टीम ने किले पर दबिश दी तो जाली नोट के कारोबार को खुलासा हुआ।
इस टीम ने की कार्रवाई
डीएसपी जयदेव सियाग, निरीक्षक अवधेश सांदू, कांस्टेबल शेरसिंह, सुनील, गोविंद, सुनील गनमैन, चालक शिवराज समेत टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ