36 घंटे में बरसा 51 मिमी पानी, सात दिन का सूखा खत्म

जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्र में बरसात की बेरूखी का सप्ताह भर का सूखा गुरुवार को दूर हुआ। हालांकि सुबह मौसम का मिजाज गर्म था, लेकिन दाेपहर 12 बजे बाद से शाम तक रुक-रुककर हुई बारिश से मौसम में ठंडक घुल गई। बारिश के चलते माैसम सुहावना हो गया। पिछले 36 घंटे में जिला मुख्यालय पर 51 मिमी बारिश दर्ज की गई।
गौरतलब है कि बारिश नहीं होने के चलते किसानों के साथ आमजन भी परेशान थे। गुरुवार सुबह धूप खिली, लेकिन दोपहर को 12 बजे के बाद अचानक आसमान में बादलों ने डेरा जमा लिया और उसके बाद झमाझम बरसात का दौर शुरू हो गया, जो शाम तक चलता रहा। झमाझम बारिश से आमजन को गर्मी से राहत मिली और तापमान में गिरावट आई।
दूसरी ओर बरसात होने से किसानों की फसलों काे राहत मिली और फसलों को अमृत मिला। बारिश के चलते शहर के कई निचले स्थानों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। बारिश के दौरान दुकानदारों को बाहर पड़े सामान को अंदर लेना पड़ा और लोग इधर-उधर भागकर बरसात के पानी से बचाव करते दिखाई दिए। साथ ही छोटे बच्चे बरसात के पानी में नहाने का मजा लेते रहे। बारिश होने से नदी, नाले और एनीकटों में भी पानी आया।

कम बारिश की वजह यह
जिले में इस बार अब तक मानसून पूरी तरह से सक्रिय नजर नहीं आया है। मौसम विभाग के अनुसार इसके पीछे बड़ी वजह है हवाओं का दबाव। मौसम विभाग के एक्सपर्ट कहते हैं कि जून में प्री मानसून आने के बावजूद लगातार हवाओं का दबाव विपरीत दिशा से चलता रहा, इस कारण बादल आते, बनते और और वापस बिखर जाते हैं या आगे निकल जाते हैं।

जब तक यह दौर चलता रहेगा बारिश होने की संभावना कम है। लगातार सही तरीके से गर्मी और उमस नहीं रहने की वजह से भी बारिश का असर इस बार कम दिख रहा है। इसी के चलते सावन का पूरा महीना लगभग सूखा चला गया, वहीं अब लोगों और किसानों को भादो से अच्छी बारिश की आस है।

धरियावद में डेढ़ घंटे हुई झमाझम बरसात
धरियावद| क्षेत्र में बरसात होने से आमजन के साथ किसानों के चेहरे खिल उठे। विगत 2 दिनों से बरसात का दौर शुरू होने के कारण चारों ओर पानी भर गया। गुरुवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे, इस बीच कई बार तेज धूप भी खिली, इससे उोमस रही, लेकिन दोपहर पश्चात अचानक बारिश शुरू हुई जो करीब डेढ़ घंटा तक चली।

बरसात होने से किसानों की मुरझाई फसल को जीवनदान मिल गया। गर्मी का असर भी कम हो गया। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को दिन का तापमान 33 डिग्री तथा रात्रि का तापमान 25.5 डिग्री दर्ज किया गया। साथ ही गुरुवार दिन में 19 एमएम बरसात दर्ज की गई।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
51 mm of rain in 36 hours, seven-day drought ends


टिप्पणियाँ