264 किलो से अधिक डोडा-चूरा और वाहन जब्त

छोटीसादड़ी थाना पुलिस ने 264 किग्रा से अधिक डोडा चूरा परिवहन करते एक बोलेरो को जब्त किया है। वहीं बोलेरो चालक अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग छूटा। छोटीसादड़ी थानाधिकारी रवीन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि उनके द्वारा गठित पुलिस टीम ने थाना सर्कल के नाराणी चौकी तिराहे पर छोटीसादड़ी से नीमच रोड पर बुधवार कोे नाकाबंदी शुरू की।

इस दौरान नाराणी की तरफ से एक सफेद रंग की बिना नंबरी बोलेरो गाडी आती दिखाई दी, जिसे रूकने का इशारा किया, लेकिन चालक नाकाबंदी तोड़कर गाड़ी को छोटीसादड़ी की तरफ भगा ले गया। जिस पर उक्त वाहन संदिग्ध होने से पुलिसकर्मियों ने वाहन का पीछा किया तथा इसकी सूचना संध्याकालीन गश्त कर रही टीम को दी।

इस पर संध्याकालीन गश्त टीम ने मलावदा गांव से बाहर गैस गोदाम के पहले रोड पर नाकाबंदी की। वहीं पुलिस टीम को पीछा करते देखकर चालक ने गाड़ी को साइड में उतार दिया और खेतों की तरफ भागा छूटा। पुलिसकर्मियों ने चालक का पीछा किया, लेकिन वह अंधेरे में भाग गया।

गाड़ी की तलाशी ली गई तो उसमें 13 प्लास्टिक के कट्टों में अफीम डोडा भरा हुआ था। जिसका तोल करने पर उसका वजन करीब 264 किलो 200 ग्राम पाया गया। इस पर पुलिस टीम ने गाड़ी और अफीम डोडा को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ