भादो आधा बीता, अब आया चौमासा, निम्बाहेड़ा में 24 घंटे में 4 इंच बारिश, बांधों में आने लगा पानी


भाद्रपद मास का दूसरा पखवाड़ा राहत बरसा रहा है। रविवार को लगातार दूसरे दिन मानसून छाया रहा। निम्बाहेड़ा में 24 घंटे में करीब 4 इंच बारिश हुई। कदमाली नदी सीजन में पहली बार उफनती दिखी। जिले के एक दर्जन बांधों में भी पानी आया।
रविवार सुबह 8 बजे समाप्त 24 घंटे में सर्वाधिक 134 मिमी बारिश उदयपुर जिले के बडगांव बांध पर दर्ज हुई। इसके अलावा वागन पर 57, ओराई 31 व बस्सी पर 28 मिमी बारिश हुई। तहसीलों में चित्तौड़गढ़ में 32, निम्बाहेड़ा में 36, बेगूं में38, राशमी 21, गंगरार 16,कपासन 14, भदेसर 28, डूंगला 30, बड़ीसादड़ी 40, भैसरोड़गढ़ 20 और भूपालसागर में 25 मिमी बारिश हुई। जिले में अब तक कुल 451 मिमी बारिश यानी 60 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है। जल संसाधन विभाग के एईएन सत्यनारायण जीनगर के अनुसार शनिवार व रविवार को बरसात के बाद करीब एक दर्जन बांधों के अलावा नदी व एनिकटों में पानी की आवक बढ़ी है।

आगे क्या: संभाग में अगले दो दिन मानसून सक्रिय रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन और मेवाड़-वागड़ में मानसून छाया रहेगा। कुछ जगह भारी बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिक डाॅ. प्रियंका स्वामी के अनुसार उत्तर पश्चिमी मानसूनी बादलों का मध्यप्रदेश पर जो कम दबाव का क्षेत्र था वह अब पूर्वी राजस्थान के केंद्र में आ गया है। वर्षा क्षेत्र समुद्र तल 76 किमी पर रहते हुए दक्षिणी पश्चिमी की ओर झुक गया है। इसके अगले दो दिन में राजस्थान में पश्चिम की ओर बढने की संभावना है। गुजरात और मध्यप्रदेश पर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण मानसून सक्रिय हाेकर बारिश हाे रही है। अगले दिनों में वर्षा की संभावना बनी रहेगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ