सुप्रीम कोर्ट ने बसपा के 6 विधायकाें के कांग्रेस में विलय मामले में सुनवाई 24 अगस्त टाल दी है। वहीं हाईकोर्ट की एकलपीठ भी इस मामले में बसपा व भाजपा विधायक मदन दिलावर की याचिकाओं पर 20 अगस्त को अंतिम फैसला देगी। पक्षकारों की बहस 14 अगस्त को पूरी होने के बाद एकलपीठ ने 17 अगस्त को फैसला देना तय किया था, लेकिन हाईकोर्ट की जयपुर पीठ में कोविड-19 के संक्रमण के चलते न्यायिक व ऑफिस कार्य 3 दिन के लिए निलंबित हो गए। ऐसे में कोर्ट अब 20 अगस्त को फैसला देगी।
गौरतलब है कि बहस पूरी होने के बाद कोर्ट ने पक्षकारों से लिखित बहस या अन्य कोई दस्तावेज पेश करने के लिए कहा था। साथ ही स्पीकर से आग्रह किया था कि जब तक अदालत का फैसला नहीं आ जाए तब तक वे इस मामले में विजय सिंह की शिकायत अर्जी को तय नहीं करें।
दरअसल, हाईकोर्ट की खंडपीठ ने इस मामले में एकलपीठ को दिलावर व बसपा पार्टी की स्टे याचिकाओं पर सुनवाई कर फैसला देने का आग्रह किया था। बसपा व दिलावर ने स्टे याचिका में स्पीकर के 18 सितंबर 2019 के बसपा विधायकों के कांग्रेस में विलय के आदेश पर रोक लगाने और सभी छह विधायकों को विधानसभा में होने वाले फ्लोर टेस्ट में किसी भी पार्टी के पक्ष में मतदान करने से रोकने की गुहार की है।
वहीं जब तक अदालत का अंतिम फैसला नहीं आता तब तक इन छह विधायकों को विधानसभा सत्र की किसी भी कार्यवाही में भाग लेने नहीं दिया जाए। गौरतलब है कि 14 अगस्त को कांग्रेस सरकार ने सदन में अपना विश्वासमत हासिल कर लिया है और यह अलग बात है कि मत विभाजन नहींं हुआ था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ