पूर्व-पश्चिम विधानसभा क्षेत्राें में होंगे 2-2 करोड़ के काम, सात महीने बाद निगम ने लगाए पैकेज टेंडर

नगर निगम में बीजेपी बोर्ड बनने के बाद पहली बार पैकेज टेंडर लगे हैं। पूर्व और पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में 2-2 करोड़ के पैकेज टेंडर जारी किए गए हैं। तत्कालीन आयुक्त और महापौर के बीच विवाद के कारण ये टेंडर फाइनल नहीं हो पाए थे। आयुक्त के तबादले के बाद वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति आड़े आ गई। एक करोड़ से अधिक के पावर महापौर को होने के कारण शुक्रवार को पूर्व और पश्चिम विधानसभा के लिए पैकेज टेंडर जारी कर दिए। अब वार्डों में सभी इमरजेंसी काम हो सकेंगे।

पार्षदों को 20-20 लाख के कार्यों का इंतजार

महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित ने साधारण सभा में घोषणा की थी कि प्रत्येक वार्ड में 20-20 लाख के काम करवाए जाएंगे। पार्षदों को इन कार्यों का बेसब्री से इंतजार है। महापौर ने बताया कि पैकेज टेंडर जारी हो चुके हैं। वार्डों में 20-20 लाख के कार्यों के टेंडर भी प्रोसेस में हैं।

सम्भवतः इसी सप्ताह जारी कर दिए जाएंगे। गौरतलब है कि डेढ़ माह पूर्व हुई निर्माण शाखा की बैठक में इन कार्यों पर निर्णय लिया गया था। तत्कालीन आयुक्त खुशाल यादव के समय उन्हें अमलीजामा नहीं पहनाया जा सका था। उधर, भाजपा के पिछले बोर्ड के समय भी कुछ वार्डों में 40-40 लाख के काम मंजूर हुए थे, जो अब तक अधूरे पड़े हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ