कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार 17 अगस्त को अपने गृहनगर सीकर जाएंगे डोटासरा

कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सोमवार को पहली बार अपने गृह जिले सीकर जाएंगे। वे सुबह 11.45 बजे जयपुर में अपने सरकार निवास से रवाना होंगे। चोमूं, गोविंदगढ, रिंगस और पलसाना होते हुए दोपहर 3.30 बजे सीकर हुंचेंगे। यहां वह दो दिन रहेंगे।

डोटासरा राज्य के शिक्षा मंत्री भी हैं। वे 18 अगस्त को सीकर के सर्किट हाउस में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगे। इसके बाद अपने निर्वाचन क्षेत्र लक्ष्मणगढ़ जाएंगे। वहां ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। साथ ही क्षेत्र के दौरे पर भी रहेंगे।

डोटासरा को सत्ता और संगठन दोनों का अनुभव

सीकर की लक्ष्मणगढ़ सीट से विधायक चुने गए गोविंद सिंह डोटासरा का राजनीति में लंबा अनुभव है। उन्होंने सत्ता और संगठन दोनों में काम किया है। वे सीकर जिले की लक्ष्मणगढ़ से तीसरी बार विधायक चुने गए हैं। एक अक्टूबर 1964 को जन्मे डोटासरा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बीकॉम और एलएलबी की पढ़ाई की है। डोटासरा ने छात्र राजनीति के बाद युवा कांग्रेस में सक्रिय होकर कार्य किया है। वे युवक कांग्रेस में विभिन्न पदों पर रहे। 2005 में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर लक्ष्मणगढ़ (सीकर) पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ा। इस चुनाव में गोविंद सिंह विजय हुए और लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति के प्रधान भी चुने गए। डोटासरा इसके बाद सियासत में आगे बढ़ते गए। डोटासरा लगातार सात साल तक सीकर के कांग्रेस जिला अध्यक्ष रहे हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
गोविंद सिंह डोटासरा राज्य के शिक्षा मंत्री भी हैं। (फाइल फोटो)


टिप्पणियाँ