प्रदेश में कोरोना रोज नए रिकॉर्ड तोड़ रहा है। सोमवार को अब तक के रिकाॅर्ड 1334 रोगी मिले, जबकि 11 रोगियों ने दम तोड़ दिया। अब कुल संक्रमित 62,630 जबकि मौतों का आंकड़ा 887 पहुंच गया है। मृतकों में जयपुर और बीकानेर के 3-3, बांसवाड़ा और कोटा के 2-2 जबकि अजमेर का एक रोगी शामिल है। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि तीन दिन पहले 14 अगस्त को विधानसभा सत्र में शामिल हुए फलोदी विधायक पब्बाराम विश्नाेई में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी।
वे सत्र के दौरान कई विधायकों से भी मिले थे। उनका बेटा व पोता भी पाॅजिटिव आया है। इसके अलावा राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत के पॉजिटिव आने के एक दिन बाद उनकी पत्नी भी संक्रमित मिली। उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम को भी कोरोना हुआ है। हालांकि राठौड़ समेत परिवार के बाकी 16 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। हाईकोर्ट के दो जज भी संक्रमित पाए गए हैं।
हालांकि राहत यह है कि राजेंद्र राठौड़ सहित घर के बाकी 16 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। अब अस्पतालों में भर्ती कुल रोगी 14089 हो गए हैं। भर्ती रोगी 14 हजार पार हो गए और अब अस्पतालों में भर्ती कुल रोगी 14089 हो गए हैं। प्रवासी संक्रमित 9034 हो गए हैं।
कई विधायकों से मिले थे पब्बाराम, बेटा-पोता भी संक्रमित
देश :52,886 नए रोगी मिले, लेकिन 59,097 ठीक भी हुए
देश में कोरोना मरीज 27 लाख के करीब पहुंच गए हैं। सोमवार को 52,886 नए मरीज मिले। 59,097 मरीज ठीक भी हुए। 24 घंटे में 889 अौर मौतों के साथ कुल मृतक 51,840 हो गए। मृत्युदर 1.92% है। देश में 19,68,638 मरीज ठीक हाे चुके हैं। मंगलवार काे यह संख्या 20 लाख पार हो सकती है।
महाराष्ट्र में एनसीपी नेता शरद पवार के दक्षिण मुंबई स्थित आवास के चार कर्मचारी काेराेना संक्रमित पाए गए हैं। पवार ने खुद को आइसोलेट कर लिया है।
हालांकि जांच में वह संक्रमित नहीं पाए गए। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने सोमवार को यह जानकारी दी।
प. बंगाल में तृणमूल कांग्रेस विधायक समरेश दास का निधन हो गया। वह पूर्वी मिदनापुर के एक अस्पताल में भर्ती थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ