1160 नए रोगी सामने आए, 14 मौतों का रिकॉर्ड, अकेले अलवर में 207 नए मामले, जुलाई में ढाई गुना बढ़ गए मामले
प्रदेश में शनिवार का दिन कोराेना संक्रमण के लिहाज से बेहद डरावना रहा। एक ही दिन में रिकॉर्ड 1160 केस और 14 मौतें हुईं। अब कुल मृतक 694 और संक्रमित 43,243 हो गए। जयपुर में भी एक दिन की रिकाॅर्ड 7 मौतें हुई। इसके अलावा नागौर-भीलवाड़ा में 2-2, पाली, जोधपुर और कोटा में 1-1 जान गई। अलवर में 207 रोगी मिले। एक माह में यहां 3500 केस आए हैं। बीते 24 घंटे में जोधपुर में 163, जयपुर में 129 और कोटा में 127 रोगी मिले। हालांकि, कोटा प्रशासन ने दावा किया कि शहर में रिकॉर्ड 217 केस मिले।
देश: 49892 मरीज, 746 मौतें
देश में शनिवार को 49,892 रोगियों के साथ कुल संक्रमित 17,41,257 हो गए हैं। तीन दिन बाद 50 हजार से कम रोगी मिले। 746 और मौतों के साथ मृतक संख्या 37,249 हो गई। लगातार चाैथा दिन है, जब मरने वालों का आंकड़ा 700 पार रहा। शनिवार को देश में मृत्यु दर 2.14% रही। एक वक्त यह 3.33% हो गई थी। इस बीच, स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश में मृत्युदर पहले लॉकडाउन के बाद पहली बार कम होकर इस स्तर पर आई है। देश में 24 घंटे में सबसे ज्यादा 9,601 मरीज एक बार फिर महाराष्ट्र में मिले।
इन्हें मिलाकर राज्य में अब तक 4,31,719 लोग संक्रमित हाे चुके हैं। उधर, 9,276 नए मरीजों के साथ आंध्र में संक्रमित डेढ़ लाख पार हुए। आंध्र कुल संक्रमितों में तीसरे नंबर पर हैं, जबकि 5,879 और मरीजों के साथ तमिलनाडु में संक्रमित ढाई लाख से ज्यादा हो गए और वह दूसरे नंबर पर है। देश में शनिवार को 44,346 लोग ठीक भी हुए। इन्हें मिलाकर ठीक होने वालों की संख्या 11,34,272 हो गई। यानी कोरोना को हराने वालों का औसत 65.14% पहुंच गया।
--------------
दिल्ली में सीरो-सर्वे का दूसरा चरण शुरू
- दिल्ली में शनिवार को सीरो-सर्वे का दूसरा चरण शुरू हो गया। यह 5 अगस्त तक चलेगा। सर्वे से यह पता लगाया जाता है कि किन लोगों में एंटीबॉडी डेवलप हो रही हैं।
- दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने केंद्र को पत्र लिखकर कहा है कि वह उपराज्यपाल से कहें कि वह होटल और साप्ताहिक बाजार लगाने की मंजूरी दे दें।
- देश में अभी वर्तमान में 1,488 समर्पित कोविड अस्पताल हैं, जिनमें 2,49,358 आइसोलेशन बेड, 31,639 आईसीयू बेड और 1,09,119 ऑक्सीजन सपोर्ट वाले बेड हैं।
- आईसीएमआर के मुताबिक, 24 घंटे में 5,25,689 टेस्ट किए गए। देश में अब तक 1,93,58,659 टेस्ट हो चुके हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ