स्वास्थ्य भवन में 11 और रोगी, 6 हजार पार मरीजों वाला जयपुर दूसरा जिला, कोविड सेंटर में खाना नहीं मिलने की शिकायत
राजधानी में एक दिन की राहत के बाद बुधवार को मौतों का आंकड़ा और कोरोना पॉजिटिव केस फिर से बढ़ गए। बुधवार को छह जनों की मौत हुई और 141 नए पॉजिटिव मिले। स्वास्थ्य भवन में दूसरे दिन 11 जने और पॉजिटिव आए। अब तक यहां 35 लोग पॉजिटिव आ चुके हैं। स्टाफ में कोरोना का भय दिखा। अन्य दिनों की अपेक्षा कर्मचारियों की उपस्थिति कम रही। हालांकि, कुछ कर्मचारियों ने कहा कि कोरोना से डरने की बजाय बचाव और एहतियात रखने की जरूरत है। जो भी पॉजिटिव आए हैं, उनमें 80 फीसदी ए-सिम्टोमेटिक हैं। यानी कि उनमें लक्षण ही नहीं थे, ऐसे में वे आराम से काम कर रहे थे।
कुछ ही दिनों में सभी सही होकर काम पर लौट जाएंगे। उधर, राजस्थान नर्सिंग काउंसिल में भी एक कर्मचारी संक्रमित मिला है। कोरोना संक्रमित आने के बाद आधे स्टाफ को ही बुलाया जा रहा है। पूरे काउंसिल परिसर को सेनिटाइज कर 25 कर्मचारियों के सैंपल लिए हैं। शहर में अब कुल रोगी 6037 हो गए हैं, जबकि 212 लोग दम तोड़ चुके हैं। कुल रोगी 6 हजार से पार वाला जयपुर प्रदेश में दूसरा जिला है। पहले नंबर पर जोधपुर (7483) है।
खाना नहीं मिलने की शिकायत, प्रशासन बोला-झूठ है
आरयूएचएस में भर्ती मरीजों और परिजनों ने अस्पताल में समय पर खाना नहीं मिलने और खराब खाना दिए जाने की शिकायत की है। कुछ परिजनों ने वीडियो वायरल किया, जिसमें वे शिकायत कर रहे हैं कि खाना काफी खराब है और वे इससे और बीमार हो सकते हैं। हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने कहा कि कुछ मरीज और परिजन यहां से जाने का के लिए अनावश्यक दबाव बना रहे हैं। खाने में कोई कमी नहीं है। वे झूठे आरोप लगा रहे हैं।
दो दिन में 35 रोगी, लेकिन बचाव की व्यवस्था नहीं
स्वास्थ्य भवन में 35 जने पॉजिटिव मिलने के बाद अधिकांश स्टाफ को निर्देश दिए गए हैं कि यदि कोरोना से जुड़े कोई भी लक्षण हों तो काम पर नहीं आएं। ऐसे में अधिकांश कर्मचारी नहीं आए। हालांकि यहां आने वाले लोगों और कर्मचारियों की एंट्री से पहले न तो तापमान मापा जा रहा था और न ही सब जगह सेनेटाइजर की व्यवस्था थी।
ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में सबसे ज्यादा 8 नए रोगी मिले
स्वास्थ्य भवन के 11 रोगियों के अलावा सबसे ज्यादा 8 रोगी ट्रांसपाेर्ट नगर इलाके में मिले। सांगानेर, मानसरोवर, कोटपुतली से छह-छह, जमवरामगढ़ से पांच, रामगंज, मानक चौक, राजापार्क, मुरलीपुरा से चार-चार, अजमेर रोड, विद्याधर नगर, गोविंदगढ़ व बनीपार्क से तीन-तीन, लूनियावास, बस्सी, सांभर, चाकसू, टोंक फाटक, वैशाली नगर, गोपालपुरा, जोहरी बाजार, सोडाला से दो-दो, भांकरोटा, दुर्गापुरा, मालवीय नगर, फुलेरा, दुदू, जगतपुरा, आदर्श नगर, आमेर, एसएमएस, गांधीनगर, ब्रह़मपुरी, पुरानी बस्ती, एमडी रोड, अम्बावाड़ी, सी-स्कीम, ज्योति नगर, आमेर रोड, सीकर रोड, विराट नगर, जवाहर नगर, सांगानेरी गेट, चांदपोल, घाटगेट, टोंक रोड क्षेत्र से एक-एक रोगी मिला।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ