अपनी किराणे की दुकान खोल बैठे होम क्वारेंटाइन युवक को कलेक्टर ने पकड़ा

कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र सोनी ने मकराना में रेंडम जांच के दौरान एक होम आइसोलेट व्यक्ति को घर पर ही दुकान खोलकर किराणा सामग्री बेचते पाया। उन्होंने अधिकारियों के समक्ष इस बात को लेकर नाराजगी जाहिर की एवं संबन्धित युवक को तुरंत प्रभाव से संस्थागत क्वारेंटाइन सेंटर पर भिजवाया। कलेक्टर मंगलवार को मकराना के दौरे पर आए थे।
उन्होंने दोपहर में एसडीएम कार्यालय में अधिकारियों की बैठक ली, जिसमें कोविड-19 महामारी को लेकर जानकारी ली। एसडीएम सैयद शिराज अली जैदी ने बताया कि बाहरी राज्यों से आने वाले नागरिकों की सैंपलिंग करवाकर अधिकांश को होम आइसोलेट किया गया है। पॉजिटिव के संपर्क हिस्ट्री के लोगों को भी घरों में ही आइसोलेट रखते हुए उनकी मॉनिटरिंग की जाती है। इस पर जिला कलेक्टर ने ऐसे लोगों की लिस्ट ली एवं अधिकारियों के साथ रेंडम जांच के लिए रवाना हो गए। गरीब नवाज कॉलोनी के गली नंबर पांच में बैंगलोर से आए होम आइसोलेट मईनुदीन के घर पर गए तो वह घर में ही बनी किराना दुकान पर सामान बेचता मिला।
उसने मुंह पर मास्क भी नहीं पहना था वहीं दुकान पर आने वाले ग्राहक भी बगैर मास्क मिले। यह देखकर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की एवं तहसीलदार दिनेश शर्मा को मईनुदीन का चालान करने एवं पूरे परिवार को संस्थागत क्वारेंटाइन करने के निर्देश दिए। बाद में परिवार के आग्रह पर केवल मईनुदीन को ही संस्थागत क्वारेंटाइन सेंटर भिजवाया गया। इसके पश्चात देशवाली कॉलोनी में मुंबई से आए परिवार की जांच की जिसमें वे होम आइसोलेट मिले। उन्होंने एसडीएम से कहा कि भविष्य में कोई भी होम आइसोलेट व्यक्ति घर से बाहर घूमता नजर आए तो उसे तुरंत प्रभाव से संस्थागत क्वारेंटाइन सेंटर भिजवा दें। इसके पश्चात कलेक्टर मकराना सीएचसी पर गए एवं वहां पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
चिकित्सालय प्रभारी डॉ. फहमीदा सगीर ने अस्पताल में मरीजों के उपचार में संसाधन की कमी बताई, जिस पर कलेक्टर ने व्यवस्थाएं करवाने की बात कही। वार्ड की दशा सुधारने एवं अस्पताल में प्रसव बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान ब्लॉक सीएमओ डॉ. नरेन्द्र चौधरी ने कोविड-19 की सैंपलिंग प्रक्रिया सहित अन्य चिकित्सकीय व्यवस्थाओं के बारे में उन्हें जानकारी दी।
इस दौरान कलेक्टर सोनी ने अधिकारियों से कहा कि बगैर मास्क के घूमने वाले नागरिकों के चालान काटें एवं सोशल डिस्टेंसिंग की सख्ताई से पालना करवाएं। इस दौरान कलेक्टर के साथ एसडीएम सैयद शीराज अली जैदी, तहसीलदार दिनेश कुमार शर्मा, नायब तहसीलदार गजेन्द्र सिंह, आयुक्त संतलाल मकड़, बीसीएमओ डॉ. नरेन्द्र चौधरी, नगर परिषद् उप सभापति अब्दुल सलाम भाटी, पंडित विमल पारीक आदि मौजूद थे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Collector caught home quarantine young man after opening his kirana shop


टिप्पणियाँ