भक्त नहीं लौटेंगे निराश, अब एलईडी पर कर सकेंगे सृष्टि रचयिता की मंगला से शयन आरती तक के लाइव दर्शन

(भीकम शर्मा)। प्रदेश में बड़े मंदिर भले ही बंद हों लेकिन श्रद्धालु और भक्त सृष्टि रचयिता ब्रह्माजी के लाइव दर्शन कर सकेंगे। पुष्कर स्थित ब्रह्मा मंदिर में पुष्करवासियों के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु अब नियमित रूप से एलईडी पर अपने भगवान के दर्शन का लाभ ले सकेंगे। एलईडी पर लाइव दर्शन की व्यवस्था बुधवार से शुरू हो गई।

एसडीओ एवं अस्थायी मंदिर प्रबंध कमेटी के सचिव दिलीप सिंह राठौड़ ने मंदिर में नियुक्त राजस्व कर्मियों को मंदिर के नीचे लगाई गई एलईडी के माध्यम से श्रद्धालुओं को ब्रह्मा जी के लाइव दर्शन की व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए थे। मंगला आरती से शयन आरती तक पूरे दिन श्रद्धालु एलईडी पर ब्रह्मा जी के लाइव दर्शन कर सकेंगे।

तीन माह से बंद है ब्रह्मा मंदिर
ब्रह्मा मंदिर बीते करीब साढ़े तीन माह से बंद है। अभी तक ब्रह्मा मंदिर के कपाट नहीं खोले गए हैं, लेकिन अनलॉक के चलते श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई है। मंदिर बंद होने के कारण श्रद्धालुओं को ब्रह्मा जी के दर्शन किए बिना ही निराश होकर लौटना पड़ रहा था।

पहले भी शुरू हुई थी व्यवस्था
कोरोना के असर को देखते हुए गत 18 मार्च को मंदिर को बंद कर दिया गया था। तब एलईडी से भगवान के दर्शन कराए जाने लगे थे, कुछ दिन बाद ही पूर्ण लॉकडाउन घोषित होने पर इसे हटा दिया गया था। अब यह व्यवस्था फिर शुरू की गई है।

दोपहर में डेढ़ घंटा नहीं हो सकेंगे दर्शन
मंदिर में यों तो लाइव दर्शन दिनभर मंगला आरती से शयन आरती तक होंगे लेकिन दोपहर में 1.30 बजे से तीन बजे तक दर्शन बंद रहेंगे। इस दौरान मंदिर के पट भी बंद रहते हैं। शेष समय पूजा-पाठ लाइव देखा जा सकेगा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
पुुष्कर- ब्रह्मा मंदिर के बाहर लगी एलईडी पर भगवान के दर्शन करता एक भक्त।


टिप्पणियाँ