प्रदेश में मुख्यमंत्री अशोक गहलाेत और उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच चल रहे तनाव और राजनीतिक हलचल के बीच जहां जिले के सभी कांग्रेसियों ने चुप्पी साध रखी है, वहीं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल ने खुलकर विचार व्यक्त किए हैं।
डॉ. जयपाल ने पायलट के कदम की निंदा करते हुए कहा है कि पायलट निजी स्वार्थ की आग में चंद कांग्रेसी विधायकों का भविष्य खराब कर रहे हैं। उन्होंने पायलट के कदम को कांग्रेस की विचारधारा के विपरीत बताते हुए कड़े शब्दों में निंदा की है। डॉ. जयपाल ने आरोप लगाया कि जिस कांग्रेस पार्टी ने इन्हें जमीन धरातल और वजूद दिया है, लालच के वशीभूत आकर उसी की खिलाफत करने में लगे हैं। उन्होंने अपनी ही सरकार के खिलाफ बगावत के तेवर अपना रखे हैं।
अपनी ही सरकार गिराने के प्रयास की निंदा
डॉ. जयपाल ने बताया कि पायलट के पिता स्वर्गीय राजेश पायलट पूर्व प्रधानमंत्री राजीव के काफी नजदीक थे। कांग्रेस ने उनके पूरे परिवार को नाम, शौहरत, रुतबा, पद सब कुछ दिया, उसके बदले में पायलट ने अपनी ही सरकार गिराने का प्रयास करने का जो कदम उठाया है, वह अत्यंत शर्मसार करने वाला है।
डॉ. जयपाल ने मुख्यमंत्री के धैर्य की भी प्रशंसा की और उन्होंने कहा कि गहलोत सभी कौम को साथ लेकर सभी के विकास के लिए काम करने वाले जमीनी नेता हैं और सभी वर्ग उनके शासनकाल में सुरक्षित महसूस करते हैं। ऐसे मुख्यमंत्री की खिलाफत कर पायलट ने सारी सीमाएं लांघ दी हैं, जिसे प्रदेश की जनता उन्हें कतई माफ नहीं करेगी।
डॉ. जयपाल ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत में आस्था जताते हुए उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि ऐसे सौ पायलट भी आ जाएं तो भी राज्य में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सरकार को कोई नहीं हिला सकता है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ