जेके लोन में भर्ती दबलाना की प्रसूता और कोटा में कोचिंग कर रही बूंदी की छात्रा कोरोना पॉजिटिव

कोटा जेके लोन अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती हुई बूंदी जिले के दबलाना निवासी 31 वर्षीय महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। वहीं कोटा में कोचिंग कर रही बूंदी की 18 वर्षीय युवती की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। दोनों की सैंपलिंग कोटा ही हुई है। दोनों को उपचार के लिए कोटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है।

सूचना मिलने पर प्रशासन संबंधित एरिया में पहुंचा। कांटेक्ट जानकारी लेने के साथ ही परिजनों को होम क्वारेंटाइन करने की कार्रवाई की। साथ ही संबंधित एरिया में जीरो मोबिलिटी लगाई गई है।

हिंडौली उपखंड के दबलाना कुम्हारों का मोहल्ला निवासी 31 वर्षीय महिला को प्रसव पीड़ा होने पर शनिवार दोपहर को दबलाना पीएचसी में लाया गया था। डिलीवरी जटिल होने पर उसे बूंदी रैफर कर दिया गया, लेकिन परिजन उसे एक प्राइवेट टैक्सी से बूंदी लाने के बजाय सीधे कोटा जेके लोन अस्पताल ले गए। यहां महिला का प्रसव हुआ।

रविवार सुबह सैंपलिंग हुई, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद महिला व नवजात को कोटा मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया गया। वहीं बूंदी बोहरा मोहल्ला निवासी एक 18 वर्षीय छात्रा की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। यह छात्रा अपनी दो बहनों के साथ कोटा में रहकर कोचिंग कर रही थी। नाना की शनिवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर बूंदी से गए परिजन तीनों की दादाबाड़ी में सैंपलिंग करवाकर बूंदी ले आए। इनमें से एक बहन की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिसे कोटा भिजवा दिया गया।

प्रसूता व परिजनों के संपर्क में आए चिकित्साकर्मी व मोहल्लेवासियों को किया होम क्वारेंटाइन
दबलाना निवासी प्रसूता के ससुर बस स्टैंड पर सब्जी का ठेला लगाते हैं। मौके पर पहुंचे तहसीलदार केसरीसिंह, सीआई रामगिलास गुर्जर, बीसीएमओ जगवीरसिंह ने प्रसूता व उसके परिजनों के संपर्क में आने वाले 74 जनों को होम क्वारेंटाइन किया है। इसके अलावा जिस टैक्सी में महिला को कोटा लेकर गए थे, उसके चालक को होम क्वारेंटाइन किया।

खास बात यह है कि शनिवार को प्रसव पीड़ा होने पर दबलाना पीएचसी में प्रसूता को लाने पर एक डॉक्टर, एलएचवी, दो आशा, एलटी, कंप्यूटर ऑपरेटर संपर्क में आए थे, इन्हें भी क्वारेंटाइन कर दिया गया है।

पॉजिटिव युवती के परिजनों ने बूंदी में भर्ती नहीं करने पर नाराजगी जताई
पॉजिटिव युवती के परिजनों ने बूंदी में भर्ती नहीं करने पर चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के सामने गहरी नाराजगी जताई। परिजनों का कहना था कि जब बूंदी में कोरोना केयर सेंटर की शुरुआत हो चुकी है तो इलाज के लिए कोटा क्यों भेजा जा रहा है। हालांकि प्रशासन ने युवती को कोटा मेडिकल कॉलेज ही भिजवाया।

17 बिजली अधिकारी की रिपोर्ट निगेटिव
तालेड़ा. डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता और अन्य अभियंताओं समेत 17 विद्युत कर्मचारियों की कोरोना रिपोर्ट रविवार को निगेटिव आ गई। शनिवार को इन लोगों का उपजिला अस्पताल में कोरोना सैंपल लिया गया था। इसी तरह शनिवार को तालेड़ा न्यायालय परिसर में काम करने वाले 10 वकील और मुंशी के भी कोरोना सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे, जिनकी रिपोर्ट भी निगेटिव आई है।

अस्पताल प्रभारी डॉ. पीसी मालव के अनुसार सोमवार को तालेड़ा अदालत के वकीलों व न्यायिक कर्मचारियों के कोरोना सैंपल लिए जाएंगे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Dabuna's maternity admitted in JK Loan and Bundi student Corona positive while coaching in Kota


टिप्पणियाँ