महिला के संपर्क में आने वाले लोगों की सैंपलिंग हुई, कोरोना पॉजिटिव बिहारी श्रमिक को तलाश रही पुलिस

कोरोना पॉजिटिव महिला के संपर्क में आने वाले 20 जनों की शनिवार को सैंपलिंग हुई। इससे पहले जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में तीन नर्सिंगकर्मियों की सैंपलिंग हो चुकी है। कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद कांटी अस्तौली में महिला के संपर्क में आए 20 जनों को बूंदी क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया था, जिनकी सैंपलिंग हुई।

इसी तरह महिला के सर्जिकल वार्ड में भर्ती रहने के बाद 3 नर्सिंगकर्मी उसके संपर्क में आए थे, इन्हाेंने शुक्रवार को ही सैंपलिंग करवा ली। हालांकि अभी मेडिकल वार्ड में सैंपलिंग नहीं हुई। यह महिला मेडिकल वार्ड से ही कोटा रैफर की गई थी। वहीं, कोरोना पॉजिटिव बिहारी श्रमिक का दूसरे दिन भी पता नहीं चल पाया। उसे पुलिस तलाश कर रही है। उल्लेखनीय है कि रिपोर्ट का पता लगने के बाद ही बिहारी श्रमिक फरार हो गया था।

पिछले दिनों कोरोना पॉजिटिव आए बिहारी श्रमिक को रविवार को कोटा मेडिकल कॉलेज से डिस्चार्ज किया जाएगा। उसकी लगातार दो रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी। कोटा मेडिकल कॉलेज से उसकी रिपोर्ट सीएमएचओ को दी गई। उसे लेने के लिए रविवार को कोटा एंबुलेंस भेजी जाएगी। उल्लेखनीय है कि बिहार से धान लगाने आए श्रमिक की पिछले दिनों हुई जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।

^ कोरोना पॉजिटिव महिला के संपर्क में आने वाले सभी लोगों की सैंपलिंग करवाई गई है। फरार हुए बिहारी श्रमिक को पुलिस तलाश कर रही है। पिछले दिनों कोरोना पॉजिटिव आए बिहारी श्रमिक को कोटा मेडिकल कॉलेज से रविवार को डिस्चार्ज किया जाएगा, जिसके लिए रविवार को एंबुलेंस भेजेंगे।
डॉ. जीएल मीणा, सीएमएचओ

इधर, 98 का चालान, 13300 का जुर्माना
बूंदी. कोविड-19 की गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर शनिवार को 98 लोगों का चालान कर 13300 रुपए का जुर्माना लगाया गया। इन लोगों पर मास्क नहीं लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने, सार्वजनिक जगहों पर थूकने या शराब पीने पर कार्रवाई की गई।

शनिवार को कोतवाली पुलिस ने शहर में सबसे ज्यादा 35 लोगों के चालान कर 5000 रुपए का जुर्माना लगाया। इसके बाद यातायात पुलिस केपाटन ने 21 चालान बनाकर 2400 रुपए का जुर्माना वसूला। सदर, तालेड़ा, देई, दबलाना, कापरेन, केपाटन पुलिस ने शनिवार को कोई कार्रवाई नहीं की।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ