शहर में चाकू से गोदकर एक युवक की हत्या कर दी गई। मालनमासी रोड पर वन विभाग के सामने खाली पड़ी जमीन पर शनिवार रात 8 बजे एक युवक घायल हालत में मिला, उसके पेट और पीठ पर चाकू के दो गहरे घाव थे, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया।
डीएसपी मनोज शर्मा और शहर कोतवाल लोकेंद्र पालीवाल को मौके से चाकू और कुछ दूर एक बाइक भी लावारिस मिली। हत्या कहीं ओर जगह कर शव यहां डाला गया लगता है। शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। रविवार को पोस्टमार्टम होगा। जहां युवक पड़ा मिला, वहां अंधेरा था। पुलिस के अनुसार रात 8-8.30 बजे सूचना मिली। वारदात शाम 7 से 7.30 बजे के बीच की मानी जा रही है।
युवक की शिनाख्त धोली बावड़ी बहादुरपुरा बैरवा बस्ती निवासी प्रेम बैरवा के रूप में हुई। मृतक के परिजन कोतवाली में पहुंच गए। हत्या के पीछे रहे कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार उसके पेट और पीठ पर कमर के निचले हिस्से पर धारदार हथियार के घाव हैं। युवक की उम्र 25 से 27 साल के बीच थी। बूंदी जिले के नंबरों की बरामद बाइक किसकी है, इस बारे में पुलिस रविवार को जिला परिवहन विभाग से जानकारी लेगी। युवक ने कानों में लोंग और हाथ में कड़ा पहन रखा था।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को दो हत्याओं की खबर सामने आई। सुबह सुवांसा के पास ड्रेन में एक युवक का शव मिला, वह भी हत्या है, शाम को शहर में हत्या की खबर आ गई।
काेटा में शादी हाेनी थी, मंगलसूत्र बेचकर एटीएम से रुपए निकलवाए, रात काे कर दी गई युवक की हत्या
सुवांसा के पास बूंदी मार्ग पर बरसाती ड्रेन में शनिवार सुबह युवक का खून से सना शव मिला है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की बदमाशाें ने रात को हत्या कर दी और शव को ड्रेन में डाल गए। सुबह ग्रामीणों को ड्रेन में शव मिलने की सूचना मिली तो घटनास्थल पर भीड़ लग गई। शव की शिनाख्त दो किमी दूर चितावा गांव निवासी दीपक नायक (23) पुत्र भैरुलाल नायक की होने पर परिजनों को सूचना दी गई।
बदमाशाें ने दीपक के सिर पर गंभीर वार किए थे। जिससे उसकी मौत होना बताया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पास ही टूटी बोतलें व घरेलू चाकू बरामद किया है। युवक के ब्लाइंड मर्डर को देखते हुए एसपी शिवराज मीणा-डीएसपी दीपक गर्ग भी मौके पर पहुंचे। एफएसएल की टीम ने वारदात वाले स्थान से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस अधिकारियों ने मुआयना कर टीम को कारणाें की जांच करने और हत्याराें का खुलासा करने के निर्देश दिए। ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझाने के लिए तालेड़ा व कापरेन थानाप्रभारी भी जुटे हैं। पुलिस ने अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया। फिर परिजनों के सुपुर्द कर अज्ञात जनों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है।
शादी का सपना अधूरा रह गया
दीपक परिवार में तीन भाइयों में सबसे छोटा था। सगाई पहले कोटा हो गई। अप्रैल में शादी होनी थी, लेकिन लाॅकडाउन के चलते शादी टल गई। मृतक के भाई किशनगोपाल नायक ने बताया कि वह मुंबई धागा फैक्ट्री में ऑपरेटर का कार्य करता था। होली पर गांव आया था। परिजनों ने कहा कि शुक्रवार को ही उसने मंगलसूत्र बेचा था और एटीएम से रुपए भी निकलवाए थे। यह मंगलसूत्र उसके पास पुराना रखा हुआ था।
रात 8 बजे वह घर से खाना खाकर बाहर निकला था। गांव में दुकान से उसने पैन, मसाला खरीदा बताया। उसके बाद वह रातभर घर नहीं आया। फोन भी किए, लेकिन बात नहीं हो पाई। सुबह तलाश करते उससे पहले मौत की सूचना आ गई। उसके पास रुपए नहीं मिले।
चितावा में हो चुके 3 ब्लाइंड मर्डर
चितावा गांव में दीपक नायक के ब्लाइंड मर्डर से पहले भी तीन ब्लाइंड मर्डर हो चुके, जिनमें दो बुजुर्ग महिलाएं शामिल हैं। उनका राज अब तक नहीं खुल पाया है। हीरालाल मीणा व राममोहन मीणा की बुजुर्ग मां की चोरी व लूट की वारदात के दौरान हत्या कर दी गई थी, जो अब भी पहेली बनी हुई है। निजी स्कूल संचालक पन्नालाल मीणा का शव भी स्कूल की छत पर पड़ा मिला था।
^ युवक की मौत सिर में धारदार व अन्य वस्तु से गंभीर वार करने से हुई है। सिर में गहरा घाव था, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हो गया। चेहरे पर भी चोट के निशान थे।
डाॅ. महावीर दीक्षित, मेडिकल बोर्ड प्रभारी केपाटन
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ