जोधपुर में बरसे बगैर निकल गए बादल, रामदेवरा में तूफानी बारिश से लोगों को मिली गर्मी से निजात

सूर्यनगरी में बुधवार को दिनभर बादलों और सूरज के बीच लुकाछिपी का दौर चलता रहा। उमस ने लोगों को हलकान किए रखा, लेकिन बादल बरसे नहीं। अलबत्ता शहर के कुछेक स्थान पर गिरी चंद बूंदों से उमस और बढ़ गई। शहर के लोग बेसब्री के साथ बारिश का इंतज़ार कर रहे है। वहीं जैसलमेर जिले के रामदेवरा में शाम को तूफानी हवा के साथ हुई जोरदार बारिश से एक बार जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया।
शहर में मौसमी परिस्थितियों के चलते बुधवार काे दिनभर बादलों की आवाजाही और उमस रही, लेकिन बरसे नहीं। मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर की तरफ से उठे कम दबाव के क्षेत्र की दिशा बदलने की वजह से बारिश नहीं हो पाई है। जोधपुर शहर में आज दिन में दो-तीन बार काले घने बादलों ने डेरा जमा जोरदार बारिश की उम्मीद जगाई, लेकिन थोड़ी देर में बादल बिखर गए। वहीं रामदवेरा में आज शाम हुई तूफानी बारिश से लोगों को एक बार दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन दिनभर की उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिल गई।
मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर और झारखंड की तरफ बने कम दबाव के क्षेत्र से मानसून की टर्फ लाइन गुजरात, राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की तरफ बनी हुई थी, लेकिन अरब सागर में बने कम दबाव की दिशा गुजरात से पाकिस्तान की तरफ मुड़ने से राजस्थान में बारिश की संभावनाएं कम हो गई। हालांकि दक्षिणी हवाएं चल रही हैं, जिससे अरब सागर से नमी मिलने और बादलों की आवाजाही के चलते मध्यम अथवा छितराई हुई बारिश की संभावना बन सकती है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
संभाग के रामदेवरा में बुधवार शाम हुई बारिश में निकलते वाहन।


टिप्पणियाँ