कोटा में चल रहे करोड़ाें रुपए के विकास कार्य अपने तय समय पर क्वालिटी के साथ पूरे कर जनता को समर्पित किए जा सकें, इसके लिए यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल ने अधिकारियों से फीडबैक लिया। उन्हाेंने जिला कलेक्टर और यूआईटी के अधिकारियों से बात कर ग्राउंड रिपोर्ट ली। निर्माण कार्यों की गति, क्वालिटी के साथ उसकी मॉनिटरिंग प्रॉपर तरीके से करने के निर्देश दिए। धारीवाल ने कहा कि सभी प्रोजेक्ट तय समय पर पूरे कर जनता को समर्पित किया जाए, ताकि कोटावासियों को राहत मिले। साथ ही कोटा को पयर्टन के क्षेत्र में भी अलग पहचान मिल सके।
कोरोना पर नियंत्रण की जानकारी ली
कोटा में लगातार पैर पसार रहे कोराेना को लेकर यूडीएच मंत्री धारीवाल ने बचाव और इलाज को लेकर चल रही व्यवस्थाओं के बारे में प्रशासनिक अधिकारियों से फीडबैक लिया। उन्हाेंने कोरोना की जांच का दायरा और बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में सेनेटाइजेशन करना जारी रखें।
उन्हाेंने शहरवासियों से अपील की कि अब जांच सीएचसी और पीएचसी सेंटर पर भी की जा रही है। कोरोना के खिलाफ चल रही जंग अपनी भागीदारी निभाएं। काेराेना जांच करवाएं, ताकि जल्द से जल्द संक्रमित रोगी तक पहुंचा जा सके। उसको इलाज देकर ठीक किया जा सके। शहरवासियों से कोरोना को लेकर जारी की जा रही गाइडलाइन की पालना करने की अपील की है।
प्लाज्मा डोनेट कर मानवता की मिसाल दें
यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल ने कोटा में लगातार पॉजिटिव रोगियों की तादाद बढ़ने पर चिंता जाहिर करते हुए चिकित्सा विभाग के अधिकारियों से भी फीडबैक लिया। उन्हें निर्देश दिए हैं कि जांच का दायरा बढ़ाने के बाद पॉजिटिव रोगियों की तादाद में बढ़ाेतरी जरूर हो रही है, लेकिन हमें इलाज के लिए अस्पताल में व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखना है।
सरकार अस्पताल की जरूरत के हिसाब से संसाधनों में कोई कमी नहीं आने देगी। इसके साथ ही मंत्री धारीवाल ने प्लाज्मा थेरेपी से इलाज को लेकर भी चिकित्सा अधिकारियों से बातचीत की। कोटा में कोरोना मरीजों की रिकवरी को लेकर संतोष जताते हुए प्लाज्मा थेरेपी प्रोटोकॉल के तहत कोरोना को मात दे चुके लोगों से प्लाज्मा डोनेट करने की अपील की।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ