बच्चे के इलाज में लापरवाही पर बाल आयोग ने लिया प्रसंज्ञान, कलेक्टर को कार्रवाई के निर्देश

कोविड केयर सेंटर में भर्ती बच्चे के सिर में चोट लगने पर उसके इलाज में लापरवाही बरतने के मामले में दैनिक भास्कर द्वारा मंगलवार को प्रकाशित की गई खबर के बाद राजस्थान राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष संगीता बेनीवाल ने मामले पर प्रसंज्ञान लिया है। उन्होंने अलवर जिला कलेक्टर को मामले में दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आयोग की अध्यक्ष संगीता बेनीवाल ने बताया कि ये घटना गंभीर है। इसको देखते हुए अब क्वारेंटाइन सेंटर पर भर्ती किए जाने वाले बच्चों को पर्याप्त चिकित्सा व अन्य सुविधा समय पर उपलब्ध हो साथ ही उनकी विशेष देखभाल हो इसके लिए भी निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं बाल अधिकारिता विभाग को भी पत्र जारी कर राज्य में कोरोना पॉजिटिव बालकों की समय-समय पर क्वारेंटाइन सेंटर के माध्यम से रिपोर्ट प्राप्त की जाए। ज्ञातव्य है कि भिवाड़ी के सेक्टर छह स्थित अग्रवाल धर्मशाला में बनाए गए कोविड केयर सेंटर में सांथलका की लेबर कॉलोनी से लाए गए संक्रमित मिले तीन व छह साल के दो बच्चों सहित उनकी मां को भर्ती किया गया था। रविवार देर शाम तीन साल का कोरोना पॉजिटिव बालक फिसल कर फर्श पर गिर गया, जिससे उसका सिर फूट गया और खून बहने लगा। जिस पर उसे एम्बुलेंस के जरिए भिवाड़ी सीएचसी में उपचार के लिए भेजा गया। जहां चिकित्सक ने उसकी जांच तो कर दी लेकिन उसके सिर की ड्रेसिंग करने डेढ़ घण्टे तक वहां तैनात दो कर्मचारियों में से कोई नहीं आया था। इस मामले में ड्यूटी पर तैनात नर्सिंगकर्मी ज्योतिबाला व सुशीला मीना को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे। मामले को लेकर दैनिक भास्कर ने खबर प्रकाशित की तो अब बाल आयोग ने इस पर प्रसंज्ञान लिया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ