विश्व जनसंख्या दिवस पर प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. रघु शर्मा ने वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिए जिला स्तरीय अधिकारियों ने चर्चा की। मंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि हम सब को मिलकर हमारे राजस्थान राज्य में नंबर वन राज्य की श्रेणी तक ले जाना है, बात चाहे जनसंख्या स्थिरीकरण की हो या कोविड-19 मैनेजमेंट और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के ढांचागत विकास की हो।
उन्होंने कहा विश्व जनसंख्या दिवस की थीम राज्य द्वारा आपदा में भी परिवार नियोजन की तैयारी, सक्षम राष्ट्र और परिवार की पूरी जिम्मेदारी रखी गई है। इस थीम को धरातल पर साकार करते हुए राजस्थान में जनसंख्या स्थिरीकरण पर काम किया जाए, ताकि प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ सके।
मंत्री डाॅ. शर्मा ने कोविड-19 की रोकथाम को लेकर बेहतर मैनेजमेंट करते हुए गांव-गांव निरोगी राजस्थान की संकल्पना को साकार करने के लिए स्वास्थ्य मित्रों का चयन कर उन्हें प्रशिक्षित करने के काम को भी अब जल्द से जल्द करने के निर्देश दिए।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री डाॅ. सुभाष गर्ग ने कहा कि जनसंख्या स्थिरीकरण को लेकर गांव-ढाणी तक जागरूकता लाकर आमजन में हम दो-हमारा एक, की बात समझानी होगी। बेटा-बेटी में कोई फर्क नहीं, इस बात को आमजन में फैलाना होगा, तभी अधिक से अधिक लोग नियत नसबंदी दिवस पर चिकित्सा संस्थानों पर आएंगे। वीडियो कान्फ्रेंसिंग को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख शासन सचिव अखिल अरोड़ा व राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक नरेश ठकराल ने भी संबोधित किया।
बारां जिला स्तर से इस वीडियो कांफ्रेंसिंग में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. संपतराज नागर, पीएमओ डॉ. अख्तर अली, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. सीताराम वर्मा, बीसीएमओ बारां डॉ. नरेश नागर, बारां अरबन डीपीएम राकेश नागर, डॉ. रघुराज सिंह, डीपीएम दिलीप शर्मा, धर्मेंद्र कुमार, रामावतार अग्रवाल आदि शामिल हुए।
बेहतर कार्य करने पर संस्थानों को किया पुरस्कृत
जनसंख्या दिवस पर परिवार कल्याण सेवाओं में जिले की पंचायत समिति, सीएचसी व ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत करते हुए प्रोत्साहन राशि दी है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. रघु शर्मा व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री डाॅ. सुभाष गर्ग ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए सभी को बधाई और शुभकामनाएं दी। शाहाबाद पंचायत समिति को पुरस्कार स्वरूप 2 लाख रुपए की राशि दी है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने पंचायत समिति स्तर पर परिवार कल्याण सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य पर पुरस्कार के लिए चयनित ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को भी बधाई दी। सीएमएचओ डॉ. संपतराज नागर ने बताया कि जिले में सीएचसी अंता को एक लाख, ग्राम पंचायत औगाड़ को एक लाख, मुसई गुजरान, काचरी, गरड़ा, पचपड़ा, गोरधनपुरा, बैंगना को एक-एक लाख रुपए की राशि दी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ