ग्राम पंचायत काली पहाड़ी मुख्यालय पर नरेगा योजना के तहत शुरू हुए विकास कार्य पर शुक्रवार को मस्टररोल में श्रमिकों के नाम कटने से गुस्साए श्रमिक आईटी केंद्र पहुंचे। उन्होंने मस्टररोल से नाम कट जाने के बारे में जानकारी चाही। संतोषप्रद जवाब नहीं दिए जाने से गुस्साए श्रमिकों ने रोजगार सहायक के साथ धक्का-मुक्की व हाथापाई कर डाली। जिससे आईटी केंद्र पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। घटना की सूचना लगते ही ग्राम विकास अधिकारी जगदीश खटीक आईटी केंद्र पर पहुंचे तथा श्रमिकों को समझाइश कर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन श्रमिक कनिष्ठ लिपिक द्वारा अपने चहेतों के नाम लिखने के आरोप लगाकर रोजगार दिलाने की मांग की।
दीपक शर्मा, रिंकू मीणा, विश्राम मीणा, छोटे लाल बैरवा, संदीप मीणा, रामप्यारी देवी, सुमन देवी, रुक्मणी देवी, छोटा देवी, धापा देवी ने बताया कि कनिष्ठ लिपिक द्वारा जारी कराई गई मस्टररोल में 169 श्रमिकों के नाम भिजवाए गए थे। जिसमें से 120 श्रमिकों की ही मस्टरोल जारी करवाई गई है। जबकि करीब 80 श्रमिकों ने कनिष्ठ लिपिक के पास रोजगार के लिए पूर्व में ही आवेदन कर रखा था। कनिष्ठ लिपिक द्वारा अपने चहेतों के नाम मस्टररोल में दर्ज करवा कर मस्टररोल जारी करवा ली।
ग्राम विकास अधिकारी जगदीश खटीक का कहना है कि हमने सभी श्रमिकों के नाम मस्टररोल में दर्ज करने को पंचायत समिति में सूची भिजवा दी गई थी। जिनमें से नाम पंचायत समिति द्वारा मस्टरोल मे से काटे गए हैं। कुछ समाजकंटकों ने एलडीसी के साथ हाथापाई व धक्का-मुक्की कर डाली। जिनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जावेगी। कनिष्ठ लिपिक सुरेश बेरवा का कहना है कि कुछ समाज कंटकों ने आईटी केंद्र पर आकर मेरे साथ हाथापाई व धक्का-मुक्की कल डाली जिसकी सूचना विकास अधिकारी सहित उच्च अधिकारी को दे दी गई है । विकास अधिकारी नारसिंह मीणा का कहना है कि ग्राम विकास अधिकारी व कनिष्ठ लिपिक द्वारा धक्का-मुक्की व गाली गलौज किए जाने कि मुझे फोन पर सूचना दी गई है ग्राम विकास अधिकारी व कनिष्ठ लिपिक को धक्का-मुक्की करने वाले लोगों के खिलाफ एफ आई आर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं ।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ