विज्ञाननगर फ्लाईओवर के नीचे बनी पार्किंग पर पिछले कुछ दिनों से मनमाना शुल्क वसूल किया जा रहा है। टू व्हीलर को तो टोकन तक नहीं दे रहे हैं और जब वाहन लेने आते हैं तो 10 रुपए प्रति घंटे के हिसाब से शुल्क लिया जाता है। कार पार्किंग के 50 रुपए तक ले रहे हैं। काेई विराेध करता है ताे अभद्रता से लेकर मारपीट तक पर उतर आते हैं। यूआईटी खुद मान रही है कि अधिक वसूली गलत है, लेकिन कार्रवाई के लिए शिकायतकर्ता का इंतजार कर रही है।
तलवंडी व विज्ञाननगर मेन राेड पर स्थित हाॅस्पिटल्स के लिए विज्ञान नगर फ्लाईओवर के नीचे पार्किंग स्टैंड बना रखा है। जिसे यूआईटी ठेके पर देती है। लाॅकडाउन के बाद जब पार्किंग शुरू हुई ताे अचानक से हाॅस्पिटल में आने वालाें से कई गुना अधिक वसूली शुरू कर दी गई। यूआईटी ने वहां पर टू व्हीलर के लिए 5 रुपए और फाेर व्हीलर के लिए 10 रुपए निर्धारित शुल्क कर रखा है, लेकिन इसके विपरीत वहां पर घंटे के हिसाब से वसूली की जा रही है। कार पार्किंग के लिए ताे 5 गुना अधिक 50 रुपए लिए जा रहे हैं।
जाे टाेकन दिया जा रहा है उस पर पैन से काटकर 50 रुपए लिखकर लिए जा रहे हैं। पिछले कुछ दिनाें से इस तरह की शिकायतें लगातार आ रही है। टू व्हीलर वाले काे टाेकन नहीं देकर रजिस्टर में एंट्री की जाती है ओर जब वाे वाहन लेने आता है ताे उसके वाहन जमा करवाने से लेकर ले जाने तक का समय जाेड़कर 10 रुपए प्रति घंटे के हिसाब से पैसे लिए जाते हैं।
यहां हॉस्पिटल में आने वाला हर शख्स पहले से ही परेशान रहता है और फिर पार्किंग के नाम पर लूट खसाेट की जाती है।
यूआईटी को ठेका बंद करने को लिखा
^मैंने ताे लाॅकडाउन लगने पर ठेका बंद कर दिया था, उसके बाद यूआईटी काे भी लिखकर दे चुकी हूं। - जीतू कटारिया ठेका संचालक
^ यदि काेई अधिक शुल्क ले रहा है ताे गलत है, ठेका फर्म काे बुलाकर पाबंद किया जाएगा। काेई भी लिखित शिकायत देगा तो हम आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
-शैलेंद्र जैन एक्सईएन यूआईटी
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ