सीएमएचओ व मेडिकल कॉलेज की खींचतान में कोविड मरीजों का होम आइसोलेशन बंद

सीएमएचओ व मेडिकल कॉलेज की आपसी खींचतान चलते कोटा में बीते 5 दिन से बिना लक्षण वाले कोरोना मरीजों को होम आइसोलेशन बंद है। जबकि केंद्र व राज्य सरकार की स्पष्ट गाइडलाइन है कि ऐसे मरीजों को बेवजह एडमिट करने से परहेज किया जाए और यदि उनके घर पर पर्याप्त सुविधाएं हैं तो उन्हें होम आइसोलेट कर दिया जाए।

बीते तीन दिन में कई मरीजों ने होम आइसोलेशन की इच्छा जताई, लेकिन मेडिकल कॉलेज की टीमों ने उन्हें साफ मना कर दिया। इसका खामियाजा मरीज भुगत रहे हैं। इधर देर शाम कलेक्टर उज्ज्वल राठौड़ ने होम आइसोलेशन, क्वारेंटाइन के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में जारी निर्धारित प्रक्रिया व शर्तें यथावत रहेंगी। हाेम अाइसाेलेशन के लिए चिकित्सा अधिकारी की सहमति जरूरी हाेगी। मरीजाें के घर में अलग कमरा हाेना जरूरी है।

इसलिए बंद हुआ होम आइसोलेशन
मेडिकल कॉलेज की टीमों ने पाया कि होम आइसोलेट किए मरीजों की मॉनिटरिंग नहीं हो रही, दिनभर में एक बार संवाद भी नहीं किया जा रहा कि वे कैसे हैं? मेडिकल कॉलेज का कहना है कि उक्त काम उनकी टीमों का नहीं है, बल्कि यह काम जिला सर्विलांस अधिकारी का है, जो सीएमएचओ के अधीन होता है।

वहीं सीएमएचओ का कहना है कि हम मरीजों का इलाज नहीं कर सकते, हमारे पास न तो ऐसे ट्रेंड डॉक्टर हैं और न ही मरीजों की उपचार संबंधी देखभाल कर सकते हैं। सीएमएचओ के इस रिस्पोंस के बाद मेडिकल कॉलेज स्तर पर तय किया गया कि अब किसी भी मरीज को होम आइसोलेट नहीं किया जाए और सभी को एडमिट करना शुरू कर दिया।

^गाइडलाइन में स्पष्ट उल्लेख है कि होम आइसोलेट किए गए मरीजों की मॉनीटरिंग का काम जिला सर्विलांस ऑफिसर का है, जो सीएमएचओ के अधीन है। अब यदि घर पर रखे गए मरीज की कोई मॉनीटरिंग नहीं करेगा तो कैसे चलेगा? इसलिए हमने होम आइसोलेशन बंद कर दिया। क्योंकि हमारे डॉक्टर तो वैसे ही इलाज से लेकर मरीजों को शिफ्टिंग व अन्य कार्यों में लगे हुए हैं। - डॉ. विजय सरदाना, प्रिंसिपल, मेडिकल कॉलेज

^इलाज का पार्ट मेडिकल कॉलेज को देखना है। वह मुझसे चाहते हैं कि होम आइसोलेट मरीजों का इलाज मेरे डॉक्टर करें, यह कैसे संभव है। हां, मॉनीटरिंग को लेकर मैंने कभी मना नहीं किया। डिस्पेंसरी वाले डॉक्टरों को निर्देशित कर रहे हैं कि वे अपने इलाके में होम आइसोलेट किए गए मरीज की मॉनिटरिंग करें।
- डॉ. बीएस तंवर, सीएमएचओ



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ