जिले में कोराेना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को छह और कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इससे अब जिले में संक्रमितों की संख्या 277 हो गई। सीएमएचओ डॉ. पी. एम. वर्मा ने बताया कि गायत्री नगर व रामकुंड की ढाणी में एक-एक तथा महवा क्षेत्र में चार कोरोना पॉजिटिव आए हैं।
सूचना मिलने पर चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शहर में दो मरीजों को होम आइसोलेट किया है। मरीजों के संपर्क में आए लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। अब जिले में मरीजों की संख्या 277 हो गई। इनमें 228 रिकवर हो चुके हैं। कोविड वार्ड प्रभारी डॉ. आर. डी. मीणा ने बताया कि अब जिला अस्पताल में 23 व महवा में 4 मरीज भर्ती हैं। सात मरीजों का होम आइसोलेशन में उपचार चल रहा है।
बैंककर्मियों के सैंपल लिए
चिकित्सा विभाग की ओर से शुक्रवार को शहर में बैंककर्मियों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। शहर में आठ बैंकों में से 108 बैंककर्मियों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
राज्यसभा सांसद किरोड़ी मीणा व उनका स्टाफ भी पॉजिटिव
विगत कई दिन से अस्वस्थ चल रहे राज्यसभा सांसद डॉक्टर किरोड़ीलाल मीणा की जब कोरोना जांच की गई तो वे पॉजिटिव निकले। इसे लेकर उन्हें जयपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती किया गया है। उन्होंने ट्वीट कर बताया कि मेरी तबीयत पिछले कई दिनों से खराब थी।
मेरी और मेरे निजी स्टाफ की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने आग्रह किया कि जो लोग पिछले दस दिन में उनसे मिले हैं वे सावधान रहें और अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें। उधर डॉ मीणा के अस्वस्थ होने की सूचना मिलने के बाद देश प्रदेश के अनेक नेताओं ने ट्वीट कर डॉ मीणा के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
बताया गया कि अर्जुन राम मेघवाल, पीपी चौधरी, अर्जुन मुंडा, वासुदेव देवनानी, राजेंद्र सिंह राठौड़, दीया कुमारी, रुपाराम मुरावति, हरीश मलिक, कैलाश चौधरी सहित कांग्रेसी विधायक रघुवीर मीणा, ममता भूपेश, प्रताप सिंह खाचरियावास ने डॉक्टर मीणा के जल्द स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना की है।
345 कोरोना संदिग्धों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे
दाैसा| जिले में शुक्रवार को 345 काेरोना संदिग्धों के सैंपल लेकर जांच के लिए जयपुर भेजे हैं। इनमें जिला अस्पताल से 30, दौसा ब्लॉक से 112, लालसोट से 99, बांदीकुई से 39, महवा से 39, सिकराय से 26 सैंपल भेजे गए हैं। जिले में अब तक 14053 सैंपल भेजे गए हैं। इनमें 871 सैंपलों की रिपोर्ट आना शेष है। सीएमएचओ डॉ. पी. एम. वर्मा ने बताया कि जिले में सर्वे के लिए 289 लगा रखी हैं।
टीमों ने शुक्रवार को 3 हजार 692 घरों का सर्वे किया। अब तक जिले में 10 लाख 83 हजार 408 घरों का सर्वे किया है। अस्पतालों में ओपीडी में 915 लोगों की स्क्रीनिंग की गई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ