मोस्ट वांटेड विकास दुबे के प्रवेश की सूचना पर भिवाड़ी में अलर्ट

कानपुर में यूपी पुलिस के आठ जवानों की हत्या के बाद से फरार चल रहे विकास दुबे के हरियाणा के फरीदाबाद में देखे जाने की खबरों के बाद भिवाड़ी में भी बुधवार को पुलिस खासी अलर्ट दिखी। हरियाणा से प्रवेश के तीन प्रमुख नाकों पर पुलिस ने वाहनों को जांच के बाद ही प्रवेश दिया। क्यूआरटी के जवान अत्याधुनिक हथियारों से लैस होकर बुलेट प्रूफ जैकेट के साथ जांच अभियान में जुटे नजर आए।

फूलबाग थाना प्रभारी रविन्द्रप्रताप सिंह ने बताया कि भिवाड़ी मोड़, अलवर बाइपास व तावडू नाके पर पुलिस ने जांच अभियान चलाया। हरियाणा की ओर से आने वाले वाहनों की जांच के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया गया। वहीं शहर के अलवर बाइपास सहित अन्य सोसायटियों में भी पुलिस ने गेटों पर तैनात रहने वाले सुरक्षा गार्डों को विकास दुबे की फोटो उपलब्ध कराई है। उनसे कहा गया है कि यदि इस तरह का कोई शख्स नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।

ज्ञातव्य है कि हरियाणा के फरीदाबाद में विकास दुबे एक सीसीटीवी में कैद हुआ है। जो एक ऑटो में बैठकर जाता हुआ नजर आ रहा है। उसने काले रंग की शर्ट, जींस और मास्क पहना हुआ था। उसके कंधे पर एक बैग था। असल में फरीदाबाद के बख्तल चौक इलाके में स्थित एक छोटे से होटल में विकास अंकुर की आईडी पर रुका था। पुलिस टीम पहुंचने से पहले ही वह वहां से फरार हो गया था। कयास लगाया जा रहा है कि उत्तरप्रदेश में उसके एनकाउंटर की संभावना के प्रबल होने के कारण वह दिल्ली एनसीआर में शरण लेने की फिराक में हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
भिवाड़ी मोड़ पर वाहनों की जांच करते पुलिस के जवान।


टिप्पणियाँ