सरकारी जमीन पर अतिक्रमण से परेशान ग्रामीणों ने पटवारी को घेरा

मंडी विकास समिति बीकानेर की लूणकरनसर स्थित आवासीय कॉलोनी के सार्वजनिक पार्क व अन्य भूभाग पर भू-माफिया समेत अन्य लोगों द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा है। भू माफिया की नापाक नजरों से करोड़ों रुपये की सरकारी व पट्टेशुदा लोगों की भूमि अतिक्रमण की भेंट चढ़ चुकी है।

पार्क में कब्जा कर पक्के निर्माण करने के विरोध को लेकर ग्रामीणों ने जायजा लेने आए मंडी के पटवारी को घेर लिया। इसके बाद स्थानीय प्रशासन व पुलिस की दखल के बाद अतिक्रमण के खिलाफ समुचित कार्रवाई करने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने पटवारी को छोड़ा तथा शीघ्र ही अतिक्रमण नहीं हटाने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।

गौरतलब है कि मंडी की आवासीय कॉलोनी के सैक्टर तीन में 1100 गुणा 140 फीट बड़े सार्वजनिक पार्क व अन्य भूभाग में अतिक्रमण को लेकर 21 जुलाई को लूणकरणसर दौरे में जिला कलेक्टर नमित मेहता को ग्रामीणों ने अवगत करवाया। इसको लेकर कलेक्टर ने मण्डी एडीएम बीकानेर को तुरन्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

इन क्षेत्रों में हो रहा अतिक्रमण

मंडी की आवासीय कॉलोनी के सैक्टरों में भूखंडों पर, राष्ट्रीय राजमार्ग पर विधुत विभाग के सामने, रेलवे क्रोसिंग के पास,औद्योगिक क्षेत्र व कालू रोड़ सहित मंडी विकास समिति की आवासीय, वाणिज्य, सार्वजनिक पार्क, सड़क व पार्किंग की जमीनों पर भूमाफियाओं द्वारा पक्का व कच्चा अतिक्रमण किया जा रहा है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ