हाईकोर्ट में काेराेना, तीन दिन और सुनवाई नहीं ना फिजिकली ना ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हाेगी

हाईकोर्ट मुख्यपीठ में 10 कर्मचारियों के पॉजिटिव मिलने के बाद कुछ कर्मचारियों की रिपोर्ट आनी बाकी है। इसके चलते 13 से 15 जुलाई तक जोधपुर और जयपुर दोनों पीठ में कार्य स्थगित किया गया है। फिजिकली और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से भी सुनवाई नहीं होगी। 8 जुलाई को हाईकोर्ट के एक न्यायाधीश का निजी सचिव पॉजिटिव आया था। इसके बाद हाईकोर्ट में हड़कंप मच गया।

9 और 10 जुलाई को वर्क सस्पेंड किया गया था। 11 व 12 जुलाई को शनिवार व रविवार का अवकाश था। रविवार को रजिस्ट्रार जनरल ने नोटिफिकेशन जारी कर 13 से 15 जुलाई तक यानी तीन दिन और वर्क सस्पेंड कर दिया है। इसका कारण कोर्ट स्टाफ के सैंपल लेने और रिजल्ट आने में समय लगना बताया है। वहीं दूसरी ओर हाईकोर्ट की फंक्शनिंग को लेकर सोमवार को प्रस्तावित बैठक एक बार फिर स्थगित कर दी गई है। अब यह बैठक 15 जुलाई को दोपहर एक बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से होगी।

हाईकोर्ट के निर्देश के बाद जिला व सेशन न्यायाधीश जोधपुर जिला के अधीन जिला मुख्यालय पर आने वाली अधीनस्थ अदालतों में 13 से 15 जुलाई तक कार्य स्थगित रखा गया है। इस संबंध में जिला व सेशन न्यायाधीश जोधपुर जिला की ओर से आदेश जारी किया गया है। इसी तरह जोधपुर मेट्रो की अधीनस्थ अदालतों में भी कार्य स्थगित रहेगा तथा अर्जेंट मेटर सुने जाने की संभावना है, बाकी मामलों में आगामी पेशी तारीख दी जाएगी।

हाईकोर्ट प्रशासन ने वकीलों की भी कोरोना जांच की व्यवस्था की है। दाेनों पीठ में सोमवार को कोरोना सैंपल लिए जाएंगे। इस संबंध में वकीलों की दोनों एसोसिएशनों के अध्यक्षों से कहा है कि वे वकीलों को सूचना दें कि 13 जुलाई को हाईकोर्ट की डिस्पेंसरी में सैंपल दे सकेंगे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ