सूरवाल थाना क्षेत्र में मोड़ पर पेट्रोल पम्प के पास शुक्रवार शाम ट्रक-बस में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इससे बस चालक सहित बस में सवार 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही सूरवाल थानाधिकारी रामसिंह यादव मय पुलिस जाब्ते के मौके पर पहुंचे तथा घायलों को 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना के बाद कोटा लालसोट मेगा हाईवे जाम हो गया तथा सड़क पर वह दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। सूरवाल थाना पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया। इसके बाद आवागमन सुचारू हुआ। सूरवाल थानाधिकारी यादव ने बताया कि शाम 5:45 बजे यात्री बस बौंली से सवाईमाधोपुर आ रही थी। इस दौरान थाना क्षेत्र स्थित मोड पर पम्प के पास सवाईमाधोपुर से भाड़ौती की तरफ जा रहे ट्रक संख्या आरजे25-जीए-1071 के साथ आमने-सामने बस की भिड़ंत हो गई।
बस यात्रियों में कोहराम मचा, जैसे-तैसे कर बाहर निकाला
पुलिस ने बताया कि बस चालक सहित बस में सवार 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बस में सवार लोगों में कोहराम मच गया। पुलिस ने जैसे तैसे घायलों को बस से नीचे उतारा तथा एम्बुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल उपचार के लिए पहुंचाया। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है।
घायल हुए बस में सवार यात्री
थाने के हैड कांस्टेबल अरविन्द ने बताया कि घायलों में शांति देवी पत्नी मनफूल योगी निवासी ठींगला, शंकर लाल पुत्र कल्याण वैष्णव निवासी डेकवा-गंभीरा, अलीमुद्दीन पुत्र फकरुद्दीन निवासी बौंली, जगराम पुत्र कल्याणमल मीणा निवासी मीणा कॉलोनी, हरिसिंह पुत्र केसरलाल गुर्जर निवासी खिरनी, वर्षा शर्मा पुत्री मोतीलाल निवासी दुब्बी बनास, कमलेश पत्नी घनश्याम शर्मा निवासी दुब्बी बनास, बस चालक रियाज हुसैन पुत्र रसीद निवासी खिरनी तथा प्रभाती देवी पत्नी शंकर लाल वैष्णव निवासी डेकवा गंभीरा शामिल हैं। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ