ग्राम पंचायत अर्डांद के तहत आने वाले ईसाई बाहुल्य पिपलोद गांव में नवनिर्वाचित सरपंच प्रमिला मार्टिन गांव में विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
पिपलोद में जिन मार्गों पर अभी तक कार्य नहीं हुआ उन मार्गों पर सीसी और इंटर लॉकिंग निर्माण किया जा रहा है। युवा मंच के जितेंद्र गौड़ ने बताया कि पिपलोद की सहरिया बस्ती में छह लाख रुपए की लागत से राजेश के मकान से राजेंद्र सहरिया के मकान तक इंटरलॉकिंग का निर्माण किया गया है।
बैरवा बस्ती में डेढ़ लाख रुपए की लागत से प्रहलाद बैरवा के मकान से मोहनलाल बैरवा के मकान तक सीसी रोड का निर्माण किया गया है। करीब साढ़े सात लाख रुपए की लागत से इंटरलॉकिंग व सीसी रोड का निर्माण करवाया गया है। इसी तरह गांव के सभी प्रमुख मार्गों को कीचड़ मुक्त किया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि अभी तक गांव पिछड़ा हुआ था।
गांव की एकता से अब विकास कार्य को गति मिली है। पंचायत सरपंच प्रमिला मार्टिन ने बताया कि जिले का एकमात्र ईसाई बाहुल्य पिपलोद वर्षों से विकास की बाट जोह रहा था। गांव के विकास में ग्रामीणों का भी सहयोग मिल रहा है।
ग्राम पंचायत के साथ ग्रामवासी भी विकास कार्यों के लिए प्रयासरत हैं। आगामी समय में ग्राम पंचायत प्रशासन के माध्यम से अधिक से अधिक विकास कार्य कराए जाएंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ