जिले में कोरोना का प्रकोप थम नहीं रहा। मंगलवार तड़के जयपुर के राजस्थान स्वास्थ्य एवं विज्ञान विश्वविद्यालय (आरयूएचएस) में बनाए कोविड हॉस्पिटल में भर्ती अलवर शहर के एक व्यक्ति की कोरोना से मौत हो गई। इधर, जिले में 74 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। अलवर शहर में बड़ौदा राजस्थान क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक के चीफ मैनेजर, 6 असिस्टेंट मैनेजर व एक कार्यालय परिचालक सहित 28 नए पॉजिटिव मिले हैं, वहीं भिवाड़ी में 20, खैरथल, मुंडावर, राजगढ़ में 4-4, बानसूर, खेड़ली, रामगढ़, नीमराना, तिजारा व बहरोड़ में 2-2 और लक्ष्मणगढ़ व गोविंदगढ़ में 1 संक्रमित मिला है। जिले में अब संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 1938 हो गया है। खैरथल में जूता-चप्पल फैक्ट्री के 2 कर्मचारी संक्रमित मिले हैं। हेमू कालानी चौक पर एक युवक तथा खैरथल के समीप इस्माइलपुर के बालान बसई में एक व्यक्ति संक्रमित मिला है। इसी प्रकार नीमराना की अनंतराज सोसायटी व माजरा में 2 युवक, रामगढ़ के चौपड़ा मार्केट में 80 साल की वृद्धा व निचला बाजार में 63 साल के वृद्ध संक्रमित मिले हैं। राजगढ़ के मालाखेड़ा बाजार में एक परिवार के वृद्ध व 24 साल की युवती, टकसाल वाली गली में व्यक्ति व बारला वास में युवक, मुंडावर के सजदपुर गांव में एक परिवार में 65 साल की महिला व 18 साल का युवक, जसाई में 33 साल का युवक व भुनगड़ा अहीर में 51 साल के व्यक्ति की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। लक्ष्मणगढ़ में 75 साल के वृद्ध, खेड़ली के वार्ड 3 में 30 साल का युवक व सौंखर गांव में युवक, गोविंदगढ़ के खेड़ली बहादुर में 52 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित मिला है। बानसूर में 17 साल की किशोरी व युवक पॉजिटिव मिले हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ