भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो सवाई माधोपुर की टीम ने शुक्रवार दोपहर को उदेई मोड़ पुलिस थाने के एएसआई बृजमोहन पाल को 6 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। साथ ही रिश्वतखोर एएसआई के कब्जे से रिश्वत के 6 हजार रुपए भी बरामद कर लिए गए।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो टीम सवाई माधोपुर के डीएसपी भैंरुलाल ने बताया कि उदेई मोड पुलिस थाने के सहायक उप निरीक्षक बृजमोहन पाल के खिलाफ परिवादी अतीश मीणा ने शिकायत की थी कि उसके द्वारा पुलिस थाना उदेई मोड़ में दर्ज करवाए गए मुकदमा में कार्रवाई करने एवं परिवादी के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में एफआर लगाने की एवज में एएसआई बृजमोहन पाल 40 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है।
एएसआई ने मिनी सचिवालय में बुलाया था
20 हजार रुपए तो अतीश मीणा ने एएसआई को पहले ही दे दिए थे। इसके बाद एएसआई उससे 20 हजार रुपए और मांग रहा था। अतीश मीणा ने इस मामले की शिकायत एसीबी सवाई माधोपुर के आफिस में की थी। परिवादी की रिपोर्ट पर सत्यापन करवाया तो सौदा 10 हजार रुपए में तय हुआ।
सत्यापन के दौरान 22 जुलाई 20 को एएसआई ने 4000 रुपए प्राप्त किए तथा शेष 6 हजार रुपए की रिश्वत की राशि 24 जुलाई को लेने पर सहमत हुआ। शुक्रवार को परिवादी ने एएसआई बृजमोहन पाल को 6 हजार की मांग के अनुसार उसे रुपए देने के लिए मिनी सचिवालय में बुलाया।
एएसआई ने बताया कि वह इस समय मिनी सचिवालय में है, उसने परिवादी को मिनी सचिवालय में बुलाया और उससे रिश्वत के 6 हजार रुपए ले लिए। परिवादी का इशारा मिलते ही एसीबी के डीएसपी भैरूलाल के नेतृत्व में टीम ने एएसआई बृजमोहन पाल को 6 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने आरोपित एएसआई से 6 हजार रुपए नकदी बरामद कर ली। बाद में उसे कोतवाली थाना में ले आए।
पुलिस महकमा में मचा हड़कंप
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो टीम द्वारा उदेई मोड पुलिस थाने के एएसआई बृजमोहन पाल को मिनी सचिवालय के सामने 6 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार करने की खबर से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शहर में यह खबर आग की तरह फैल गई। एएसआई बृजमोहन पाल की आंखों में आंसू नहीं थम रहे थे। वह हाथ जोड़कर माफ करने की गुहार टीम से लगा रहा था।
ट्रैप कार्रवाई में ये टीम शामिल
एसीबी पुलिस उप अधीक्षक भैंरूलाल, वरिष्ठ सहायक सुनील कुमार, वरिष्ठ सहायक पुष्पेन्द्र सिंह, कानि. जुगलाल, कानि. जयसिंह, कानि. रामकेश, दिलीप, देवेन्द्र, सतपाल, संजय कुमार, कानि. चालक व स्वतंत्र गवाह गिरदावर विष्णु कुमार माथुर, पटवारी राधपेन्द्र सिंह नरूका शामिल थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ