कोरोना को हराने के लिए व्यापारिक संगठनों का 4 दिवसीय स्वैच्छिक लॉकडाउन बुधवार से शुरू होगा। विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने इसकी तैयारी कर ली है। मंगलवार को बंद का अनाउंसमेंट भी करवाया। दूसरी ओर कुछ व्यापारिक संगठन इस बंद के निर्णय से असहमत हैं। और प्रतिष्ठान खोलेंगे। उधर, एसपी के हवाले से सोशल मीडिया पर चले मैसेज कि पुलिस किसी भी दुकानदार को दुकान खोलने से नहीं रोकेगी, के कारण व्यापारियों में असमंजस और रोष की स्थिति बन गई। दुकानें खोलने और बंद रखने को लेकर व्यापारिक संगठनों की बैठकें देर रात तक चलती रही। स्वर्ण व्यवसायी सुरक्षा समिति के सदस्यों की बैठक में अध्यक्ष गोविंदलाल मौसूण ने बताया कि वे बंद के निर्णय से सहमत नहीं है।
स्वर्ण व्यवसायी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक दुकानें खुली रखेंगे। होटल-रेस्टोरेंट, मिठाई एवं नमकीन व्यवसाय की बैठक मिठाई एसो. अध्यक्ष पूनमचंद भाटी की अध्यक्षता में हुई जिसमें निर्णय लिया कि मिठाई व नमकीन की दुकानें सुबह 8 से शाम को 5 तक खुली रहेंगी। होटल का व्यवसाय दोपहर 12 बजे से रात्रि 9 बजे तक होगा। यह निर्णय आगामी 4 दिनों के लिए है। इस संबंध में एसपी को ज्ञापन देकर बंद में असहमति जताई। फुटवीयर एसोसिएशन अध्यक्ष सोहनलाल कच्छावा ने बताया कि दुकानें सीमित समय के लिए खोलेंगे। मोबाइल एसोसिएशन की बैठक में सभी सदस्यों ने कहा- व्यापारी वर्ग में एकजुटता नहीं और पुलिस प्रशासन भी बंद कराने के लिए सख्त नहीं है। अध्यक्ष धर्मेंद्र पंवार ने बताया कि 15 को स्वैच्छिक बंद रखा जाएगा। अगर बाजार खुलता है तो निर्णय बदला जा सकता है। इलेक्ट्रोनिक्स एसोसिएशन अध्यक्ष रमेश सोनी ने कहा- हमने तो पहले से ही एक सप्ताह तक दुकानें नहीं खोली थी।
बुधवार को अगर सभी दुकानें बंद रहेगी तो वे भी बंद रखेंगे। किराणा मर्चेंट एसोसिएशन अध्यक्ष धर्माराम भाटी व सत्यनारायण पंवार ने कहा, एसपी के नाम मैसेज चलने से विरोधाभास है। यह बंद महामारी से बचने के लिए है और सबके हित में है। शहर को कोराेना से बचाना जरूरी है। सबको सहयोग करना चाहिए। उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले व्यापारियों की प्रशासन के साथ बैठक में किराणा, इलेक्ट्रोनिक्स, इलेक्ट्रिकल्स, जनरल मर्चेंट, सर्राफा व गारमेंट्स एसो. आदि ने बाजार बंद रखने का निर्णय ले रखा है।
प्रशासन और पुलिस ने कहा- वे बंद के निर्णय के साथ
एडीएम मनोज कुमार ने कहा, ये निर्णय व्यापारियों का स्वैच्छिक है लेकिन हम व्यापारियों के साथ हैं। क्योंकि ये सबके हित में है। कोरोना को हराना जरूरी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने भी कहा, पुलिस व्यापारियों के साथ है और हम आवश्यक व्यवस्थाओं को देखेंगे। सोशल डिस्टेंसिंग की पालना व मास्क लगाने की अनिवार्यता प्रभावी लागू करेंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ