रेजिडेंट बोले-3 दिन में व्यवस्था नहीं सुधरी तो करेंगे कार्य बहिष्कार

मेडिकल काॅलेज कोटा के रेजिडेंट डाक्टर्स ने आए दिन लाइट ठप होने और पेयजल सप्लाई नहीं होने, गंदा पानी आने, आवारा मवेशियों पर रोक लगाने की मांग को लेकर एमबीएस अस्पताल के पीजी छात्रावास के वार्डन डॉ. सीपी मीणा को ज्ञापन सौंपा। साथ ही उन्हाेंने चेतावनी दी गई कि अगर 3 दिन के अंदर हॉस्टल की समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ ताे कार्य बहिष्कार कर आंदोलन किया जाएगा।
रेजिडेंट डाक्टर्स संघ के प्रतिनिधि डाॅ. मुकेश कुमार ने बताया कि कोरोना काल में विपरीत परिस्थितियों में रात दिन कार्य करने के बाद भी हॉस्टल में मूलभूत सुविधाओं नहीं हैं। हॉस्टल में पीने का पानी आता ही नहीं, जब भी आता है तो गंदा आता है। कई बार शिकायत कर चुके हैं। डाॅ. महेश इन्दोरिया ने बताया कि अगर मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति नहीं होती है ताे हम कुशलता से कार्य नहीं कर पाएंगे। साथ ही डाॅ.अटल व अन्य डाॅक्टर्स ने बताया कि काॅलेज प्रशासन की बेरुखी से रेजीडेंट आहत हैं। अगर रेजिडेंट हित में हाॅस्टल की मूलभूत सुविधाओं में सुधार नहीं किया गया तो मजबूरन कार्य बहिष्कार करना पड़ेगा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ