ताले में सेट करके लाया 220 ग्राम सोना, एयरपोर्ट पर तस्कर पकड़ा

एयरपोर्ट पर रविवार देर रात एक और सोने की तस्करी का मामला पकड़ा गया। कस्टम कमिश्नर सुभाष अग्रवाल ने बताया डिप्टी कमिश्नर यतीश कुमार और सुपरिटेंडेंट गोविंद राम के नेतृत्व में टीम रियाद से जयपुर आई गो एयर की चार्टर्ड फ्लाइट जी8-6036 के यात्रियों की चेकिंग कर रहे थे।

इस दौरान एक यात्री घबराया हुआ दिखा। एक अधिकारी कुशलक्षेम पूछने के लिए पहुंचे तो वह सूटकेस छोड़कर भागने लगा। पूछताछ में उसने सोना होने की बात कही। सूटकेस की जांच की गई तो ताले में प्लेट्स के फॉर्म में 220.19 ग्राम सोना जब्त किया गया। इसकी कीमत 11.09 लाख है।

इधर, कस्टम विभाग के अधिकारियों को एयरपोर्ट पर पकड़े गए सोने के तार 4 जुलाई को पकड़ी गई तस्करी से जुड़े होने की आशंका है। क्योंकि जिस कैरियर को सोमवार को पकड़ा गया है, वह भी अन प्रोफेशनल है। जो शेखावाटी का रहना वाला है और कामकाज के सिलसिले में खाड़ी देश में रहता है।

फ्री टिकट और कुछ रुपयों के लालच में आकर सोना ले आया। अधिकारियों को आशंका है कि बड़ी मात्रा में सोना खाड़ी देशों से भारत लाया जाना था, लेकिन लॉक डाउन के चलते फ्लाइट बंद होने से यह संभव नहीं हो पाया।

दूसरी ओर, रविवार की रात को एयरपोर्ट पर पकड़े गए तस्कर को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। ऐसा इसलिए क्योंकि उसके पास से बरामद हुए सोने की कीमत बीस लाख से कम है। ऐसे में उससे सिर्फ पूछताछ कर सोने को जब्त करने की कार्यवाही की जाएगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ