परीक्षा नहीं होने से अटकी इंजीनियरिंग कॉलेज के 217 विद्यार्थियों की नौकरी, लाखों के पैकेज पर हुआ था कैंपस सेलेक्शन
(सादिक अली)कोरोना संक्रमण के चलते अब तक फाइनल ईयर की परीक्षाएं नहीं होने से इंजीनियरिंग कॉलेज के स्टूडेंट्स की नौकरी भी अटक गई है। इन स्टूडेंट्स का सलेक्शन कैंपस प्लेसमेंट के जरिए विभिन्न कंपनियों में लाखों के पैकेज पर हुआ था।
नियमानुसार जॉब ज्वाइन करने के लिए फाइनल परीक्षा पास करके डिग्री लेना जरूरी है। बिना डिग्री के चयनित विद्यार्थी जॉब ज्वाइन नहीं कर सकते लेकिन राज्य सरकार की घोषणा और यूजीसी की गाइड लाइन के चलते अब परीक्षा होगी या नहीं इस पर ही संशय बना हुआ है।
दोनों इंजीनियरिंग कॉलेजों के 217 विद्यार्थियों को इस संबंध में फैसले का इंतजार है। शहर के दोनों इंजीनियरिंग कॉलेजों में हर साल की तरह इस बार भी कई स्टूडेंट्स का कैंपस प्लेसमेंट हुआ था। इसमें देश भर की कई नामी कंपनियों में विद्यार्थियों को नौकरी मिली थी। लॉकडाउन होने से पहले ही कई कंपनियों ने कॉलेज प्रशासन से फाइनल एग्जाम की जानकारी लेना शुरू कर दिया था, ताकि परीक्षा में पास होने वाले चयनित विद्यार्थियों को जल्द ज्वाइनिंग दी जा सके।
कोविड-19 नेअटकाया मामला
इंजीनियरिंग कॉलेजों में परीक्षा का शेड्यूल जारी होता इससे पहले ही कोरोना संक्रमण ने देश में तेजी से पैर फैलाना शुरू कर दिया। पहले जनता कर्फ्यू और फिर लगातार लॉकडाउन होने से परीक्षाएं नहीं हो पाई। इसके बाद राज्य सरकार ने तकनीकी शिक्षा की सभी क्लासों के विद्यार्थियों को प्रमोट करने की घोषणा कर दी थी। ऐसे में यह तय हो गया था कि अब सभी विद्यार्थी पास हो जाएंगे। लेकिन यूजीसी की गाइड लाइन में फाइनल की परीक्षा कराने के निर्देश के बाद मामला उलझ गया है। अब तक ये तय नहीं हो पाया है कि परीक्षा होगी या नहीं।
किस कॉलेज में कितने विद्यार्थी : प्लेसमेंट में न्यूनतम 3 लाख से अधिकतम 9 लाख रुपए तक के पैकेज
महिला इंजीनियरिंग कॉलेज माखुपुरा : सत्र 2019-20 में इस कॉलेज की कुल 104 छात्राओं का चयन कैंपस प्लेसमेंट सेल के तहत हुआ है। अलग अलग ब्रांचेज की इन छात्राओं को परीक्षा पास करने के बाद कंपनी में ज्वाइन करना था। इनमें कई छात्राओं का पैकेज 6 से 8 लाख का है।
इंजीनियरिंग कॉलेज बड़लिया
इस कॉलेज के 113 विद्यार्थियों का चयन कैंपस प्लेसमेंट के जरिए हुआ है। इन सभी को अपनी फाइनल परीक्षा का इंतजार है जिससे रिजल्ट आते ही ये कंपनी में ज्वाइन कर सकें । इस कॉलेज के विद्यार्थियों का न्यूनतम पैकेज 3 लाख और अधिकतम पैकेज 9 लाख रुपए तक का है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ