भाडखा-भीमडा रोड पर सड़क किनारे प्लास्टिक की थैली में 200, 500 और 2000 के नकली नोटों की गड्डियां बरामद हुई है।
ग्रामीण थाना पुलिस को मुखबीर से मिली सूचना कर मौके पर पहुंच दबिश दी तो अगल-अलग नोटों से भरी थैली में 1.18 लाख रुपए बरामद किए गए। पुलिस ने नकली नोटों को बरामद कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। बताए जा रहे हैं कि ये असली नोट से प्रिंटेड किए हुए थे। इनके सीरीयल नंबर भीअलग-अलग थे। प्रथम दृष्टया इन्हें फोटो से प्रिंट किया लगा रहा है।
ग्रामीण थानाधिकारी प्रदीप डागा ने बताया कि कंट्रोल रूम बाड़मेर को सूचना मिली कि भाडखा से भीमडा जाने वाली सड़क किनारे प्लास्टिक थैली नोटों की गडि्डयाें से भरी हुई पड़ी है। इस पर भाडखा चौकी इंचार्ज रणवीरसिंह, ग्रामीण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्लास्टिक थैली को बरामद किया। इसके बाद नोटों की गणना करने पर 2000 के 31, 500 के 60 और 200 के 130 नोट पाए गए। इसके बाद नोटों को बरामद कर ग्रामीण थाना लाया गया।
अज्ञात व्यक्ति ने नोटों से भरी थैली को सड़क किनारे फैंक दिया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। सूचना पर बाड़मेर डीएसपी महावीर प्रसाद, थानाधिकारी प्रदीप डागा सहित पुलिस जाब्ता भी मौके पर पहुंचा।
भाडखा बस स्टैंड पर चल रही थी वाहनों की चैकिंग, डर से नोटों की गड्डियां फैंकी
दरअसल भाडखा बस स्टैंड पर पुलिस की ओर से वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान अज्ञात व्यक्ति को लगा कि उसकी भी चेकिंग हो सकती है, ऐसे में भाडखा बस स्टैंड से करीब एक किमी. की दूरी पर ही नोटों से भरी प्लास्टिक थैली को सड़क किनारे फैंक दिया। अज्ञात व्यक्ति का कोई सुराग नहीं लगा है। इसी दौरान वहां से गुजर रहे मदनलाल नामक व्यक्ति को नोटों से भरी थैली मिली। एक बार तो उसे लगा कि वो मालामाल हो गया है, लेकिन चेक किया तो नकली नोट थे। इस पर पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने बरामद कर लिए।
असली नोट की फोटो कॉपी से तैयार किए थे नोट
बरामद नोट अलग-अलग सीरियल के है और सभी असली मुद्रा से कलर फोटो कॉपी कर तैयार किए गए है। ग्रामीण क्षेत्रों में अनपढ़ और अनजान लोगों को ऐसे ठग नकली को असली नोट बताकर ठगी करते है। इसी के लिए ये नोट तैयार किए गए थे। कई बार पशु खरीद और अन्य जगह असली नोटों की जगह नकली नोट थमा कर ठगी करने की वारदातें भी सामने आ चुकी है।
नकली नोट मिलने की सूचना से आसपास के क्षेत्र में भी दहशत फैल गई। अब पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई कि आखिर इन नकली नोटों का कहां इस्तेमाल होना था। क्या किसी को ठगी के लिए ये नोट दिए जाने थे या इसके पीछे बाड़मेर में ऐसा कोई गिरोह सक्रिय है। इसको लेकर ग्रामीण थाना पुलिस जांच में जुट गई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ