महामंदिर थाना इलाके की मदेरणा कॉलोनी में रविवार रात दो पक्षों के युवक आपस में भिड़ गए। इस दौरान एक दूसरे पर जमकर पत्थरबाजी की। टैक्सी का कांच और बिजली मीटर भी फोड़ दिया। युवकों में न पुलिस का खौफ था और न ही कोरोना संक्रमण का डर। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हालांकि पत्थरबाजी होने के बाद महामंदिर पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक इलाके में शांति हो चुकी थी। मारपीट व पत्थरबाजी में शामिल युवक भाग गए थे।
देर रात तक महामंदिर पुलिस सीसीटीवी के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी रही। मौके पर डीसीपी धर्मेंद्र यादव भी पहुंचे और वहां आरएसी तैनात कर दी गई।
एसीपी देरावरसिंह ने बताया कि मदेरणा कॉलोनी में एक युवक को थप्पड़ मारने के बाद मामला बढ़ा।
इस पर दोनों पक्ष के लोग एक दूसरे पर पत्थरबाजी करने लगे। पुलिस के मौके पर पहुंचने तक मामला शांत हो गया। सूत्रों की मानें तो युवक हाथ में पत्थर व डंडा लिए भाग रहे थे तो सामने से आ रहे कई बाइक चालकों को रास्ता बदलना पड़ा। लोग घरों की खिड़कियों व छत्तों से पत्थरबाजी देखते रहे। थानाधिकारी सुमेरदान ने बताया कि झगड़े की सूचना मिली तो वे जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में किया।
चौक नामकरण के विवाद का भी संदेह
मदेरणा कॉलोनी में एक चौक है, जिसको लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा है। एक पक्ष दूसरे पर तो दूसरा पक्ष पहले पक्ष पर कटाक्ष किया करता है। ऐसे में रविवार को भी संदेह है कि झगड़ा एक चौक के नामकरण को लेकर शुरू हुआ था। हालांकि पुलिस की ओर से इस पर कोई जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर रहे हैं। बदमाश पकड़ में आएंगे तो झगड़े की बात का पता चल पाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ