राजमाता विजयाराजे कृषि उपज मंडी के अध्यक्ष व भाजपा देहात जिलाध्यक्ष जगराम विश्नोई की शैक्षणिक योग्यता विभागीय जांच में प्रथम दृष्टया अयोग्य पाई गई है। ऐसे में उनका अध्यक्ष पद से हटना लगभग तय है। इस संबंध में संयुक्त शासन सचिव कृषि विभाग ने विश्नोई को नोटिस जारी किया है।
इसमें बताया कि विश्नोई द्वारा राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि उपज मंडी समिति के वार्ड 5 के सदस्यों के निर्वाचन के समय मनोनयन पत्र व घोषणा पत्र में शैक्षणिक योग्यता के सबूत में महावीर खुला विश्वविद्यालय कोटा का बैचलर ऑफ आर्ट्स प्रोपरेट्री प्रोग्राम एग्जामिनेशन की प्रति पेश की, जो कृषि मंडी नियम में वर्णित माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान या किसी समतुल्य बोर्ड की माध्यमिक विद्यालय परीक्षा नहीं है।
राजस्थान कृषि उपज मंडी नियम के अनुसार शैक्षणिक योग्यता में अयोग्य पाए जाने पर मंडी समिति की सदस्यता से हटाया जाना प्रस्तावित है। नोटिस के अनुसार विश्नोई को 15 दिन में स्पष्टीकरण देना है। इधर, मंडी अध्यक्ष जगराम विश्नोई ने कहा कि नोटिस मिला है। जवाब देने के लिए एक महीने का समय मांगा है। कुछ लोग शैक्षणिक योग्यता के सही होने के बाद भी शिकायतें कर रहे हैं। मेरी शैक्षणिक योग्यता बिल्कुल सही है।
पंचायतीराज चुनाव में गलत जानकारी देने का आरोप
विश्नोई ने 2015 में पंचायतीराज चुनाव में ओसियां पंचायत समिति से पंचायत सदस्य के रूप में चुनाव लड़ने के लिए फॉर्म भरा। इसमें शैक्षणिक योग्यता वर्धमान जैन स्कूल ओसियां से 11वीं पास बताई। हालांकि वे पंचायत समिति सदस्य का चुनाव हार गए। फिर मंडी सदस्य का चुनाव लड़ा।
सूचना के अधिकार से प्राप्त जानकारी में वर्धमान जैन स्कूल प्रबंधन द्वारा लिखित में बताया कि दस्तावेज में भरी जानकारी सही नहीं है। ओसियां पुलिस ने परिवाद दर्ज किया, जिसकी जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया। इसकी जांच जारी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ