जमनीकुंड रोड पर आए सभी 15 कोरोना संकमितों के ठीक होने के बाद सोमवार को अजमेर के कोविड कोरोना सेंटर से सभी को डिस्चार्ज कर दिया गया। इन्हें सात दिन के लिये होम क्वारेंटाइन कर दिया गया है। कोरोना से जंग जीतकर घर पहुंचे सभी लोगों का मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान पुष्कर अस्पताल प्रभारी डाॅ. आरके गुप्ता, डाॅ. राजप्रताप, मुज्जफर, भागचंद शर्मा, एम्बुलेंस चालक गणपत सहित अजमेर से साथ आए चिकित्सा कर्मी का लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया।
डाॅ. गुप्ता ने बताया कि पहले कोरोना संक्रमित के पुत्र से केयरटेकर का शपथ पत्र भराया गया है और होम क्वारेंटाइन की कड़ी पालना के लिए पाबंद किया गया है। पहले कोरोना संक्रमित आए 62 वर्षीय बुजुर्ग ने पुष्कर के स्वास्थ कोरोना योद्धाओं सहित अजमेर के जेएलएन और कोविड केयर सेंटर में स्वास्थ कोरोना योद्धाओं और व्यवस्थाओं की सराहना की। जीरो मोबिलिटी क्षेत्र में ड्यूटी दे रहे पुलिस कोरोना योद्धाओं की भी थर्मल स्क्रीनिंग की गई। नर्सिंगकर्मी के बाद उसकी 10 वर्षीय पुत्री की रिपोर्ट भी नेगेटिव आने के बाद पुष्कर सहित ग्रामीण क्षेत्र एवं अस्पताल स्टॉफ ने राहत की सांस ली।
डाॅ. गुप्ता ने बताया कि सोमवार को कुल 21 सेम्पल कोरोना जांच के लिए भेजे गए। जोगियों के वास में आई 72 वर्षीय कोरोना संक्रमित महिला के संपर्क में आए 5 लोग, बिहार से आए 40 प्रवासी श्रमिकों में से 9 की रेंडम सेम्पल, 5 संदिग्धों सहित 2 गर्भवती महिलाओं के सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजे गए हैं। शनिवार को भेजे गए सभी सैंपल की जांच नेगेटिव रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ