123 पाॅजिटिव आए, 1 दिन में सबसे ज्यादा मरीज, अप्रैल, मई व जून में थे 665 मरीज, जुलाई में आ चुके हैं 640
शहर में शनिवार काे काेराेना का महाविस्फाेट हुआ और एक ही दिन में 123 पाॅजिटिव सामने आए। एक बुजुर्ग महिला की मौत भी हुई। अब काेटा में कुल मौतें 34 हो गई हैं। मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. विजय सरदाना ने बताया कि शनिवार को आए मरीजों में सुबह की रिपोर्ट में डडवाडा क्षेत्र में 5 पुरुष और 5 महिलाएं पाॅजिटिव आई हैं। वहीं, विज्ञान नगर व खेड़लीफाटक से 5-5 तथा महावीर नगर थर्ड से 6 मरीज आए हैं। आज एक दिन में आए मरीजों का अब तक का रिकॉर्ड है।
जेकेलाेन की एएनएम, निजी हाॅस्पिटल की डॉक्टर पॉजिटिव
जेकेलोन में काम करने वाली 52 साल की एएनएम पॉजिटिव पाई गई है। वहीं, गांधी गृह विज्ञान नगर निवासी महिला डॉक्टर भी पॉजिटिव मिली है, जो तलवंडी के निजी हॉस्पिटल में कार्यरत है। भीमगंजमंडी क्षेत्र में डडवाडा गली नंबर-3, विकास कॉलोनी निवासी 27 साल का युवक पॉजिटिव मिला है, जो रेलवे में गार्ड है। वहीं, रेलवे कॉलोनी निवासी रेलवे कर्मचारी भी पॉजिटिव मिला है।
कोटा ग्रामीण एसपी ऑफिस में कार्यरत हैड कांस्टेबल भी संक्रमित पाया गया है। मैं तो गेहूं लेने जा रही थी, रास्ते में रोका और सैंपल ले लिया : बकरा मंडी, साजीदेहड़ा निवासी 27 साल की महिला पॉजिटिव आई है। उसका कहना है कि मैं तो घर से पैदल-पैदल राशन की दुकान पर गेहूं लेने जा रही थी, रास्ते में टीम वाले खड़े थे, जो सैंपल ले रहे थे। उन्होंने मेरा भी सैंपल ले लिया और पॉजिटिव आ गई।
सूरजपोल डिस्पेंसरी पर 20 परसेंट पॉजिटिव
सूरजपोल डिस्पेंसरी पर 70 सैंपल लिए गए थे, इनमें से 14 मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं। प्रभारी डॉ. सौरभ शर्मा ने बताया कि सैंपलिंग वाले दिन जो भी खांसी-जुकाम का मरीज आता है, उसका सैंपल करा रहे हैं, उसमें ये मरीज पॉजिटिव मिल रहे हैं।
भास्कर एनालिसिस : अचानक संक्रमण बढ़ने के लिए हमारी लापरवाही भी काफी हद तक जिम्मेदार
सैंपलिंग : सबसे मुख्य कारण ताे यह कि काेटा में सैंपलिंग की रफ्तार बढ़ा दी गई है। पहले के मुकाबले अब दाेगुने सैंपल हाे रहे हैं, जाहिर है मरीज भी ज्यादा पाॅजिटिव आएंगे और यह अच्छा भी है।
अनलाॅक : अनलाॅक के बाद से मार्केट खुल गए, इससे सुपर स्प्रेडर श्रेणी के लाेग ज्यादा संक्रमित आने लगे। अब एक व्यक्ति से कई लाेग संक्रमित हाे रहे हैं, जबकि पहले लाॅक डाउन में यह परिवार तक सीमित रह जाता था।
लापरवाही : लाेग अभी भी लापरवाह बने हुए हैं। न मास्क लगाते और न ही साेशल डिस्टेंस का ध्यान रखते। इस बीमारी में मास्क और दूरी बनाकर रखना ही सबसे बड़ी दवा है।
शहर के कई इलाके संक्रमित
शनिवार को गणेशपुरा राेड काेटा जंक्शन, सुंदर नगर, छावनी, सुल्तानपुर, फल सब्जी मंडी, केशवपुरा, राम तलाई, गणेशपुरा, रामचंद्रपुरा, गोरधनपुरा, मोखापाड़ा, बजाजखाना, कैथूनीपोल, महावीर नगर एक्सटेंशन, गुलाबबाड़ी, वल्लभबाड़ी, संजय नगर, भीमगंजमंडी, माला रोड, तुलापुरा, ग्रामीण पुलिस, आदित्य नगर, नंद विहार बोरखेड़ा, मंडी पाड़ा बाेरखेड़ा, पाटनपाेल, वक्फ नगर, साजी देहड़ा, सिंधी कॉलोनी, बकरा मंडी, तलवंडी, श्रीपुरा, सेंट्रल जेल, महावीर नगर, प्रेम नगर क्षेत्राें से कोरोना पॉजिटिव आए हैं।
- सेंट्रल से एक और बंदी पाॅजिटिव मिला है। यहां पहले भी दर्जनभर से ज्यादा बंदी संक्रमित मिल चुके हैं। विज्ञान नगर विस्तार योजना से मां-बेटे संक्रमित मिले हैं। रामपुरा बर्तन बाजार में काम करने वाला गोरधनपुरा निवासी 45 साल का पुरुष, झालावाड़ रोड सिटी मॉल के पीछे स्थित इंटरनेट कंपनी में काम करने वाला रामचंद्रपुरा निवासी युवक भी पॉजिटिव आया है।
पति के बाद पत्नी की भी मौत
कोटा में शनिवार को कोरोना से एक और मौत हो गई। महिला इस्माइल चौक, नयापुरा की रहने वाली थी, जिसके पति की भी दो दिन पहले कोरोना से ही मौत हुई थी। चिकित्सा विभाग के मुताबिक, 65 साल की महिला को शुक्रवार शाम करीब 7 बजे अचानक तबीयत बिगड़ने पर एमबीएस लेकर गए। उसे सांस में तकलीफ थी। जहां रात साढ़े 9 बजे मौत हो गई। मौत के बाद उनका कोविड सैंपल लिया गया था, जो आज पॉजिटिव निकला। इसी महिला के पति की भी 23 जुलाई को मौत हो चुकी है।
- नए अस्पताल से शनिवार काे भी 9 मरीज डिस्चार्ज किए गए। वहीं, 6 मरीजाें काे हाेम क्वारेंटाइन में भेज दिया गया। अब तक यहां से 1127 मरीज स्वस्थ हाेकर जा चुके हैं।
- खेड़लीफाटक सरस्वती काॅलाेनी निवासी पति-पत्नी पूर्व में पॉजिटिव आ चुके। शनिवार को इनकी 10 साल की बेटी और दो साल के दोनों बेटे पॉजिटिव पाए गए हैं।
- महावीर नगर थर्ड निवासी एक ही परिवार के 6 सदस्य पाॅजिटिव आए हैं। परिवार के एक सदस्य, जो आज पॉजिटिव आए हैं, वे कृषि विश्वविद्यालय में सरकारी कर्मचारी है।
- डडवाडा में एक ही परिवार के 7 सदस्य पॉजिटिव आए हैं। मोखापाड़ा निवासी एक युवक और उसका दोस्त दोनों सैंपल देकर आए थे, दोनों ही पॉजिटिव मिले। विज्ञान नगर निवासी 38 साल का युवक एलआईसी में काम करता है, जो भी पॉजिटिव मिला है।
- एरोड्रम की फल सब्जीमंडी से 6 पॉजिटिव मिले हैं। गणेशपुरा, रामतलाई, केशव पुरा, गुमानपुरा, कैलाशपुरी इलाकों के रहने वाले मरीज इसी मंडी में काम करते हैं।
- औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्री में काम करने वाला वल्लभबाड़ी निवासी पुरुष व उनका बेटा पॉजिटिव आए हैं। वहीं, कोर्ट में खाईरोड निवासी 60 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित मिले हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
टिप्पणियाँ