लगातार दूसरे दिन 100 से ज्यादा मामले, 3 दिन में 351 राेगी, रोजाना औसतन 70 नए मामले सामने आ रहे

कोरोना संक्रमण के लिहाज से प्रदेश में जोधपुर अब पूरी तरह खतरे में है, क्योंकि लगातार दो दिन से शहर में 100 से अधिक रोगी मिल रहे हैं। मंगलवार को जहां सर्वाधिक 126 रोगी मिले थे, वहीं बुधवार को यह आंकड़ा बढ़कर 143 पहुंच गया। इससे पहले सोमवार को भी 82 रोगी मिले थे। यानी केवल 3 दिन में ही 351 रोगी मिल चुके हैं। जुलाई की बात करें तो पहले 8 दिनों में 563 रोगी के मिलने के साथ ही 12 मौतें हो चुकी हैं।

कुछ दिन पहले ही 85% तक पहुंच चुकी रिकवरी रेट अब घटकर 77.11% तक आ गई है। कुल मिलाकर कोरोनाकाल में यह माह सबसे खतरनाक साबित हो रहा है। औसतन 70 रोगी मिल रहे है। संक्रमण की यह तेजी जारी रही तो इस माह में 2100 से अधिक रोगी मिलने की आशंका है। शहर में बुधवार को 63वीं मौत भी हुई।

एम्स में भर्ती कलाल काॅलोनी गली नंबर 9 की द्रोपदी (70) ने दम ताेड़ दिया। उन्हें 6 जून काे ही एम्स में भर्ती करवाया गया था। वे डायबिटीज से भी पीड़ित थीं। इलाज के दाैरान उन्हें अचानक सांस लेने में परेशानी हाेने लगी और दाेपहर 2:33 बजे उनका निधन हाे गया। नए मिले 143 रोगियों में 14 जने भदवासिया व ब्यावर में हुई शादियों में शामिल हुए थे। इसके साथ ही कुल संक्रमिताें का आंकड़ा 3356 पहुंच चुका है। बुधवार काे डिस्चार्ज हुए 19 राेगियाें काे मिलाकर अब तक 2588 मरीज ठीक हाे चुके हैं।

ये गलत... शादी में बे-रोक-टोक शामिल हुए

अनलॉक के बाद मिली छूट का गलत फायदा उठाना भारी पड़ रहा है। लाेगाें के बेराेकटाेक शादी-बाराताें में शामिल हाेने से संक्रमण फैल रहा है। जिले में 2 दिन में 37 ऐसे संक्रमित मिले हैं, जो शादी समारोह में शामिल हुए। इनमें जोधपुर के 27 और बिलाड़ा के 10 लोग शामिल हैं। हाल ही में भदवासिया में हुई एक शादी में शामिल 17 लोग मंगलवार और 10 जने बुधवार को संक्रमित पाए गए। इनमें से अधिकतर मदेरणा कॉलोनी व आसपास के इलाकों वहीं बिलाड़ा के लोग भी ब्यावर में हुई एक शादी में शामिल हुए। इनमें से 6 मंगलवार व 4 बुधवार को पॉजिटिव मिले।

एसबीआई जोनल ऑफिस व दो शाखाओं के 6 अफसर पॉजिटिव
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के प्रशासनिक कार्यालय में सोमवार को कार्यभार ग्रहण करने वाले एक प्रबंधक, हाईकोर्ट ब्रांच के दो और एनआरआई ब्रांच के तीन सहित कुल छह अफसरों के इन दिनों कोविड-19 पॉजिटिव आ चुके हैं। इसके चलते जहां प्रशासनिक कार्यालय मंगलवार व बुधवार को बंद रहा, तो हाईकोर्ट ब्रांच को भी कुछ समय के लिए बंद रखा गया।

इसी तरह, एनआरआई ब्रांच में पहले एक अधिकारी व बाद में दो अधिकारी पॉजिटिव आए, तो इस ब्रांच के कामकाज को नजदीकी शाखा में शिफ्ट करना पड़ा। एसबीआई के डीजीएम सुजीत कुमार ने बताया कि सभी कर्मचारियों के लिए आवश्यक रूप से शील्ड का उपयोग करने के साथ ही सैनेटाइजर, हैंड ग्ल्वज सहित अन्य सुरक्षा इंतजाम किए जा चुके हैं। इसके बावजूद पॉजिटिव केस आना चिंता की बात है।

मदेरणा काॅलोनी में 20, ट्रेन में आए यात्री 16
नए रोगियों में सर्वाधिक 20 मदेरणा काॅलोनी से मिले। ट्रेनों में आए 16 यात्री भी संक्रमित पाए गए। वहीं कलाल काॅलोनी में 11 व चौहाबो में 10 संक्रमित मिले। जिले के विभिन्न गांवों से भी 16 रोगी मिले, इनमें आसोप से 4, थोब गांव से 3, बोरुंदा से 2, चौकड़ी कलां, खारिया, माणकलाव, तिंवरी, खाबानिया, पटेल नगर व दियावड़ी से एक-एक रोगी मिला।

इनके अलावा पुरानी भाखरी बास सूरसागर से 4, बोरानाडा से 4, 79 ए व 78 ए राजा हुंडई प्रतापनगर से 3, नांदड़ी गोशाला से 3, शिकारगढ़ 3, भदवासिया से 3, मालियों की गली उदयमंदिर से 2, आरटीओ ऑफिस के पास से 2, यूआईटी कॉलोनी से 2, कुड़ी भगतासनी से 2, भानुनगर से 2, नयापुरा गली 4 से 2 रोगी मिले। इनके अलावा बाबा रामदेव मंदिर गुलाब सागर, दीया हाउस 442 दिलीप नगर गली 7 लालसागर, मसूरिया, नागाैरी गेट, लाडनूं की हवेली बागर चाैक, राधा माधव नगर, शिव शक्ति नगर, बड़लाें का चाैक, पावटा ए राेड, आरएसएम स्कूल के पास, पहाड़गंज, गायत्रीनगर, रामदेव गली, बीजेएस, बनाड़, सुभाष नगर, सूरज नगर, थाेरियाें की ढाणी, पाल राेड, श्रमिकपुरा मसूरिया, काली बेरी, फतेह सागर, जोशी कॉलोनी चांदणा भाखर, 170 कृष्णा नगर 23 सेक्टर के पास, मोहब्बत नगर एचएन 7 चौपासनी, कमला नेहरू नगर, बालाजी फैंसी स्टोर प्रतापनगर, भानडवों की ढाणी रसीदा, जी 137 प्रतापनगर, सरदारपुरा ए रोड, 552 8 सी रोड सरदारपुरा, मदीना कॉलोनी मंदिर के पास, प्लॉट नंबर 2 मंडोर मंडी के बाहर, केरू, नृसिंह विहार लालसागर व गली नंबर 2 अशोक कॉलोनी रामसागर से एक-एक रोगी मिला।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


टिप्पणियाँ