सप्ताह में दो दिन सोम और मंगलवार को बंद रहेंगे बाजार, हर रोज 10 से 6 बजे तक खुलेंगे

काेराेना के बढ़ते संक्रमण काे देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापारिक संगठनाें के साथ बैठक कर यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है कि बुधवार से शहर के बाजार सुबह 10 से शाम 6 बजे तक खुलेंगे तथा प्रत्येक सोमवार व मंगलवार को बाजार बंद रहेंगे। हालांकि इन दो दिनों में भी मेडिकल, सब्जी, दूध व पेट्राेल पंप जैसी सेवाओं को छूट रहेगी। मंगलवार सुबह व्यापारिक संगठनों के साथ हुई बैठक में प्रशासन की अाेर से कहा गया कि बाजाराें में भीड़ के कारण संक्रमण बढ़ रहा है। कई व्यापारी भी संक्रमित हाे गए हैं। अब यह जरूरी हो गया है कि बाजाराें में भीड़ को नियंत्रित करने के साथ समय सीमा का निर्धारण हाे। इस पर सभी व्यापारिक संगठनाें ने सहमति जताई। एडीएम सिटी उत्तम सिंह शेखावत ने बताया कि व्यापारिक संगठनाें की सहमति के बाद यह निर्णय लिया गया है।
गली-मोहल्लों में भी सप्ताह में दो दिन बंद रहेंगी दुकानें : एडीएम सिटी ने बताया कि पूरे शहर के गली-मोहल्लों में स्थित दुकानें भी सुबह 10 से शाम 6 बजे तक खुलेंगी तथा सोमवार व मंगलवार को बंद रहेंगी। हालांकि शहर के बाहर हाईवे पर स्थित ढाबों पर यह नियम लागू नहीं होगा।
फुटकर सब्जी मंडियों पर भी लागू होगा यह नियम : घंटाघर स्थित सब्जी मंडी सहित शहर की अन्य फुटकर सब्जी मंडी भी सुबह 10 से शाम 6 बजे तक ही खुलेंगी। हालांकि थाेक सब्जी मंडी का समय पूर्व की तरह सुबह का ही रहेगा। कचाैरी, समाेसे, गाेल गप्पे सहित अन्य तरह की रेहड़ियाें व प्रतिष्ठानाें का समय भी सुबह 10 से शाम 6 बजे तक का निर्धारित किया गया है।

क्यों जरूरी हो गया था ऐसा निर्णय करना

शहर में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। आमजन के साथ ही चूड़ी मार्केट में 8, बजाजा बाजार में 5, घंटाघर पर 3, नंगली सर्किल पर 2 दुकानदारों सहित अन्य स्थानों पर भी कई दुकानदारों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। इन दुकानदारों के परिवार भी संक्रमित हो चुके हैं। इसके अलावा बाजार में लोगों की भीड़ सोशल डिस्टेंस की पालना नहीं कर रही।

व्यापारियों ने कहा-इसमें हमारा हित

अलवर जिला व्यापार महासंघ के अध्यक्ष रमेश जुनेजा ने कहा कि शहर के बाजारों में व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर व्यापारियाें पर भी कोरोना का संक्रमण हो रहा है, इसलिए जरूरी है कि व्यापारियाें के हित में निर्णय हाे, इसलिए हमने भी पूरे बाजार में अपने संगठनाें से व्यापारिक प्रतिष्ठान सुबह 10 से शाम 6 बजे तक खाेलने के लिए कहा है। संयुक्त व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष राजकुमार गाेयल का कहना है कि काेराेना के इस संकट में प्रशासन ने जाे निर्णय लिया है, वह सही है। काेराेना के कारण लाेगाें में डर है।

व्यापारियाें पर भी इसका असर हाे रहा है। संयुक्त व्यापारी महासंघ से जुड़ी 45 एसाेसिएशन ने इस फैसले का स्वागत किया है। महासंघ के महामंत्री दीनदयाल शर्मा ने बताया कि काेराेना जैसी महामारी का संक्रमण राेकने के लिए यह जरूरी था। प्रशासन के साथ हुई व्यापारिक संगठनाें की बैठक में महासंघ की ओर से अध्यक्ष राजकुमार गोयल, राकेश शर्मा, रमेश नरवानी, सुरेश गुप्ता, ओमप्रकाश खंडेलवाल, नरेंद्र जसोरिया, महेश सेठी, घनश्याम खंडेलवाल, अरविंद नमकीन, देवेंद्र छाबड़ा, रामलाल सैनी, रमेश सिंघल, सत्यनारायण खंडेलवाल सर्राफा से व सत्यनारायण हार्डवेयर वाले अाैर संदीप मोदी भी मौजूद थे।उधर, सिटी सीओ नरेश शर्मा व कोतवाली थानाधिकारी अध्यात्म गौतम की ओर से माइक के जरिए एनाउंस कर इसकी मुनादी की गई। उन्होंने कहा कि गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।

हाेटलों व ढाबों पर भी 6 बजे बाद राेक- कलेक्टर
कलेक्टर आनंदी का कहना है कि अलवर में तेजी से कोरोना का संक्रमण फैल रहा है। इसे रोकने के लिए कुछ कदम उठाने की जरूरत थी। अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं एडिशनल एसपी ने शहर के व्यापारियों के साथ मीटिंग कर शहर के बाजार दो दिन बंद रखने का निर्णय लिया है। इसमें व्यापारियों ने सहमति दी है। जब बाजार खुले रहते हैं तो कुछ लोग बिना किसी जरूरी काम के घूमते हैं। ऐसे लोगों पर रोक लगाना जरूरी है। यह वायरस तेजी से फैलता है। शहर में हाेटल, ढाबों व रेस्टारेंट पर भी छह बजे बाद राेक रहेगी। जाे लाेग हाेटलाें में ठहरे हुए हैं, उन्हें संचालक खाना दे सकते हैं।

चिंता बढ़ाती यह सूचना, जयपुर में अटकी 3042 सैंपलों की रिपोर्ट

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिले में कोराेना की चेन तोड़ने के लिए सैंपल लेने की संख्या बढ़ा दी है। जिले में संक्रमण का सर्वाधिक खतरा भिवाड़ी और अलवर शहर में है। मंगलवार को 1191 सैंपल लिए गए, लेकिन जयपुर में अभी 3042 सैंपलों की रिपोर्ट अटकी हुई हैं। जिले में अब तक 26 हजार 341 सैंपल लिए गए हैं, इनमें से 22 हजार 28 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिले में अब तक 1310 की मरीज कोरोना संक्रमित मिले है। वहीं 47 ऐसे भी मरीज रहे हैं, जिनकी रिपीट जांच भी पॉजिटिव आई है। सीएमएचओ डॉ. ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि मंगलवार को अलवर में 328, भिवाड़ी 234, बानसूर 37, बहरोड़ 25, खेड़ली 39, रामगढ़ 27, किशनगढ़बास 78, कोटकासिम 43, लक्ष्मणगढ़ 25, मालाखेड़ा 60, मुंडावर 25, राजगढ़ 91, शाहजहांपुर 12, थानागाजी 6 और तिजारा में 161 सैंपल लिए गए। रैणी में एक भी सैंपल नहीं लिया।
ब्लॉकों की पेंडिग रिपोर्ट : अलवर के 793, बानसूर के 76, बहरोड़ के 96, भ्रिवाड़ी के 804, खेड़ली के 81, किशनगढ़बास के 218, कोटकासिम 60, लक्ष्मणगढ़ 50, मालाखेड़ा 91, मुंडावर के 71, राजगढ़ के 123, रामगढ़ के 115, रैणी के 23, शाहजहांपुर के 73, थानागाजी के 19 व तिजारा के 349 सैपलों की रिपोर्ट आना बाकी है।

एडीएम के रीडर, बैंक मैनेजर, ज्वैलर्स व फैक्ट्री कर्मियों सहित 28 नए पॉजिटिव

शहर में मंगलवार को एडीएम के रीडर, ज्वैलर्स, साड़ी विक्रेता, रोडवेज कंडक्टर और फैक्ट्री कर्मचारियों सहित 28 नए पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 12 लोग पॉजिटिव के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं, जिसमें 6 मरीज हाईरिस्क ग्रुप के हैं।
जिले में अब कोरोना मरीजों की संख्या 1310 हो गई है, जबकि अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। मनुमार्ग निवासी भगतसिंह सर्किल स्थित आईसीआईसीआई बैंक में मैनेजर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एडीएम प्रथम व द्वितीय के रीडर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जो अपनाघर शालीमार एक्सटेंशन में रहते हैं। स्कीम 4 निवासी वृद्ध पॉजिटिव मिले हैं, वे मालन की गली में साड़ी के व्यापारी हैं। इनसे स्कीम 4 में महिला भी संक्रमित हुई हैं। स्कीम 4 निवासी गणेश मार्केट में हैंडलूम के दुकानदार भी पॉजिटिव मिले हैं। दाउदपुर निवासी रोडवेज कंडक्टर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव है। दाउदपुर में ही ज्वैलर्स एवं 66 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। मन्नाका रोड स्थित पटेल नगर में बैंक कर्मचारी पॉजिटिव आई है, जो बडौदामेव में राजस्थान बड़ौदा ग्रामीण बैंक में कर्मचारी है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
The markets will remain closed on Monday and Tuesday, two days a week, every day from 10 to 6 pm


टिप्पणियाँ