दौसा के सिकराय में 1 घंटे में 2 इंच पानी बरसा, बांदीकुई में ट्रांसफार्मर पर गिरी बिजली; अब 4 दिन बारिश के आसार नहीं

जयपुर में बुधवार को लगातार तीसरे दिन बादल बरसे। जयपुर शहर में दोपहर बाद करीब 10 मिनट तक तेज बरसात हुई। यहां सुबह 11 बजे से बादल छाने शुरू हो गए थे। जिले के शाहपुरा, चौजूं, कालाडेरा में भी हल्की बरसात हुई। करौली जिले में कुछ स्थानों पर बरसात हुई तो शेखावाटी तथा दौसा जिले में कुछ स्थानों पर अच्छी बरसात हुई।

दौसा जिले के सिकराय में एक घंटे में दो इंच पानी बरसा। बारिश से किसानों को राहत मिली। सूख रहीं फसलों के लिए यह बारिश जीवनदायनी बनकर आई है। वहीं राज्य में अब 12 जुलाई तक मानसून फिर कमजोर पड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार अब 12 तारीख तक राज्य में बारिश के आसार नहीं हैं।

प्रदेश के दिन-रात के तापमान में दो से चार डिग्री तक की गिरावट आई है। जयपुर में बीती रात तापमन करीब दो डिग्री की गिरावट के साथ 26.3 डिग्री रहा। सबसे अधिक तापमान फलौदी में करीब 4 डिग्री की गिरावट के साथ 30.6 डिग्री रहा। फलौदी, जैसलमेर और बीकानेर को छोड़कर प्रदश में कहीं भी तापमान 30 डिग्री स अधिक नहीं रहा। वहीं बुधवार को फलौदी को छोड़कर कहीं भी तापमान 40 डिग्री से अधिक नहीं रहा। फलौदी में 42.4, बीकानेर में 40.0, जैसलमेर में 40.0, जयपुर में 36.0 तथा श्रीगंगानगर में तापमान 36.9 डिग्री रहा।

नीमकाथाना में 45, खंडेला में 27 एमएम बारिश
सीकर जिले में सावन के तीसरे दिन बारिश हुई। नीमकाथाना में 45 एमएम, श्रीमाधोपुर में 15 एमएम, खंडेला में 27 एमएम बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा रींगस में भी बारिश हुई। दिनभर की उमस के बाद देर शाम सीकर शहर में रिमझिम फुहारें बरसीं। बुधवार को सुबह से तेज धूप बनी रही। शाम को बारिश के बाद गर्मी से राहत मिली। फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 36 तथा न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री रहा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 36 तथा न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया।

ट्रांसफार्मर पर गिरी बिजली
बांदीकुई में बरसात के दौरान शहर की बडियाल रोड पर बिजली ट्रांसफार्मर पर बिजली गिरने से एक घंटे शहर में बिजली आपूर्ति ठप रही। दोपहर 1:00 बजे आई बरसात के दौरान अचानक आकाशीय बिजली ढाणी के बिजली ट्रांसफार्मर पर गिर गई। बिजली निगम की टीम ने मरम्मत कर आपूर्ति सुचारू की।

सिकराय में एक घंटे में दो इंच बरसात, कई मकानों व दुकानों में भरा पानी
दौसा जिले के सिकराय कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्रों में करीब एक पखवाड़े बाद मूसलाधार बारिश से कई मकानों एवं दुकानों में पानी भर गया। कॉलोनी एवं मौहल्लों की सड़कें दरिया बन गईं। बारिश से लोगों ने तेज गर्मी से राहत महसूस की, वहीं पिछले सप्ताह बुआई कर चुके किसानों की सूखने के कगार में पहुंच चुकी बाजरे की फसल को जीवनदान मिला है।

दोपहर करीब एक बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश का दौर एक घंटे तक जारी रहा। जिससे मुख्य बाजार एवं कई मौहल्लों में कई दुकानों एवं मकानों में पानी भर गया। सड़कों से तेज रफ्तार में पानी बहने लगा वहीं नालियां उफान पर आ गईं। कड़ी की कोठी रोड स्थित मुख्य सड़क पर घुटनों तक पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा, दुपहिया वाहनों में पानी भरने से लोगों को पानी के बीच से पैदल निकलना पड़ा। करीब 15 दिन बाद हुई तेज बारिश से लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की, साथ ही सूखने के कगार पर पहुंची फसलों को जीवनदान मिला है। तहसील कार्यालय के खिलारीराम मीना ने बताया कि बुधवार को दोपहर को 47 एमएम बारिश दर्ज की गई।

फसलों की मिला जीवनदान
मानपुर. कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार दोपहर शुरू हुई रिमझिम बारिश का दौर शाम तक जारी रहा। जिससे लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। बाजरे की फसल को फायदा मिला है। किसानों ने बताया कि बाजरे की बुआई के बाद निराई का काम लगभग पूरा हो चुका था, लेकिन बारिश के अभाव में फसल सूखने के कगार पर पहुंच चुकी थी, बूंदाबांदी से फसलों को जीवनदान मिला है।

इनपुट : दीपक शर्मा, पंकज बागड़ा, मुकेश प्रजापत



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
जयपुर जिले के कालाडेरा में दोपहर बाद हल्की बरसात हुई। फोटो : दीपक शर्मा


टिप्पणियाँ